Australia vs Namibia Highlights: मंगलवार को टी20 विश्व कप के अभ्यास मैच में नौ खिलाड़ियों वाली ऑस्ट्रेलिया ने नामीबिया को आसानी से हरा दिया। जोश हेजलवुड की शानदार गेंदबाजी की बदौलत नामीबिया 119/9 पर सिमट गई। जवाब में डेविड वार्नर की 20 गेंदों में नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सात विकेट से जीत दर्ज की। लेकिन इस मुकाबले में सबसे दिलचस्प बात यह रही कि ऑस्ट्रेलिया के लिए कौन-कौन से खिलाड़ी मैदान पर उतरे।
ऑस्ट्रेलिया बनाम नामीबिया (फोटो- X)
त्रिनिदाद के क्वींस पार्क ओवल में हुए इस मुकाबले में एक समय ऑस्ट्रेलिया के लिए चार सब्सटीट्यूट मौजूद थे, जिसमें मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड, सहायक ब्रैड हॉज और आंद्रे बोरोवेक और राष्ट्रीय चयनकर्ता जॉर्ज बेली शामिल थे। बोरोवेक, जो फील्डिंग कोच हैं, और बेली खेल शुरू होने पर पहली पसंद के विकल्प थे। बेली और बोरोवेक दोनों ने शुरुआत में बिना चिह्न वाली शर्ट पहनी थी।
जोश हेजलवुड ने बताई केवल 9 खिलाड़ियों के साथ खेलने की वजह
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने मैच में केवल 9 खिलाड़ियों को खिलाने की वजह बताते हुए कहा कि "ज़ाहिर है, हमारे पास खिलाड़ियों का पूरा कोटा नहीं था, लेकिन जो लोग खेले, शायद हममें से कुछ को लंबे समय तक आराम करने की ज़रूरत थी।मुझे पता है कि कई गेंदबाज़ लंबे ब्रेक से आ रहे थे, जो हमारे सिस्टम में काफी असामान्य है, लेकिन वहां जाना अच्छा है, मैच खेलना हमेशा ट्रेनिंग से अलग होता है।" हेजलवुड और जेम्पा की शानदार गेंदबाजी
मैच में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की गेंदबाजी शानदार रही। हेजलवुड ने 4 ओवर में केवल 5 रन दिए और 2 महत्वपूर्ण विकेट झटके। वहीं दूसरी ओर एडम जेम्पा ने 4 ओवर में केवल 25 रन दिए और 3 बड़े विकेट झटके। इन दोनों की गेंदबाजी के चलते ही ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की।
