September 2026 Horoscope: कोई महीना आपके लिए अच्छा रहेगा या खराब, इसकी जानकारी आप सितंबर 2026 ग्रहों की चाल पर निर्भर होता है। सितंबर 2026 का महीना ग्रहों की चाल के लिहाज से बेहद खास महीना रहने वाला है। इस पूरे महीने एक के बाद एक कई बड़े ग्रह परिवर्तन होंगे और ग्रहों के बीच कई महत्वपूर्ण संबंध भी बनेंगे। महीने की शुरुआत में गुरु-शनि का 120 डिग्री का संबंध बनेगा। इसके कुछ ही घंटों बाद मंगल-शनि 90 डिग्री पर आएंगे। इसी दिन बुध-शनि का 150 डिग्री, बुध-मंगल का 60 डिग्री, बुध-गुरु का 30 डिग्री और मंगल-गुरु का 30 डिग्री का संबंध भी बनेगा। इसके बाद मंगल पुनर्वसु नक्षत्र में प्रवेश करेंगे, शुक्र तुला राशि में जाएंगे, गुरु अश्लेषा नक्षत्र में पहुंचेंगे, बुध कन्या राशि में प्रवेश करेंगे और महीने के मध्य में सूर्य भी कन्या राशि में आ जाएंगे।
सितंबर का महीना कैसा रहेगा
सितंबर के दूसरे हिस्से में मंगल का कर्क राशि में प्रवेश होगा, जहां उनकी स्थिति कमजोर मानी जाती है। दूसरी तरफ बुध कन्या में मजबूत स्थिति बनाएंगे और बाद में तुला राशि में पहुंचेंगे। शुक्र पूरे महीने के महत्वपूर्ण हिस्से में तुला राशि में रहेंगे और स्वाती नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। महीने के अंतिम दिनों में बुध भी तुला राशि में आ जाएंगे। इन सभी ग्रह स्थितियों को एक साथ देखें तो सितंबर का महीना कुछ राशियों के लिए करियर, बिजनेस, धन, नौकरी और सामाजिक प्रतिष्ठा के लिहाज से बेहद शानदार रह सकता है।
पं. सत्यम विष्णु अवस्थी के अनुसार, कन्या, तुला, मिथुन, मकर और वृश्चिक राशि वालों के लिए सितंबर का महीना सबसे ज्यादा मजबूत दिखाई देता है। इनमें कन्या और तुला राशि को ग्रहों की सीधी मजबूती मिलेगी, जबकि मिथुन, मकर और वृश्चिक को करियर, लाभ और नए अवसरों के स्तर पर बड़ा फायदा मिल सकता है।
सितंबर की शुरुआत में बनेंगे कई बड़े ग्रह संबंध
1 सितंबर 2026 को सुबह 3 बजकर 39 मिनट पर गुरु और शनि 120 डिग्री के संबंध में आएंगे। इसी दिन दोपहर 3 बजकर 25 मिनट पर मंगल और शनि 90 डिग्री पर होंगे। शाम 5 बजकर 36 मिनट पर बुध और शनि 150 डिग्री का संबंध बनाएंगे। शाम 6 बजकर 48 मिनट पर बुध-मंगल 60 डिग्री पर आएंगे। शाम 7 बजकर 50 मिनट पर बुध और गुरु का 30 डिग्री का संबंध बनेगा और रात 10 बजकर 45 मिनट पर मंगल-गुरु भी 30 डिग्री के संबंध में आएंगे।
सितंबर की शुरुआत में ही चार प्रमुख ग्रहों की यह सक्रियता बताती है कि महीने का पहला सप्ताह फैसलों और बदलावों का रहेगा। बुध और मंगल का संबंध काम को तेजी देगा, जबकि गुरु का साथ किसी बड़े निर्णय को विस्तार दे सकता है। दूसरी तरफ मंगल और शनि का 90 डिग्री का संबंध कुछ मामलों में दबाव बढ़ाएगा। जो लोग जल्दबाजी करने की बजाय स्थिति को समझकर कदम उठाएंगे, उन्हें इस ग्रह स्थिति का ज्यादा फायदा मिलेगा।
नौकरी करने वालों के लिए इस समय नई जिम्मेदारी, जॉब चेंज या किसी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की शुरुआत के संकेत बन सकते हैं। बिजनेस करने वालों के लिए नई डील और विस्तार के मौके सामने आ सकते हैं। महीने की शुरुआत से ही यह तय होने लगेगा कि सितंबर किस दिशा में जाने वाला है।
2 सितंबर को शुक्र तुला राशि में पहुंचेंगे
2 सितंबर को दोपहर 1 बजकर 51 मिनट पर शुक्र तुला राशि में प्रवेश करेंगे। यह सितंबर की सबसे महत्वपूर्ण सकारात्मक ग्रह घटनाओं में से एक होगी, क्योंकि तुला शुक्र की अपनी राशि है। यहां शुक्र मजबूत स्थिति में रहेंगे और इससे आर्थिक, कारोबारी, सामाजिक तथा संबंधों से जुड़े मामलों में तेजी आने के संकेत हैं।
शुक्र के तुला में पहुंचने के बाद बिजनेस में ग्राहक, नेटवर्क और पार्टनरशिप से जुड़े मामले मजबूत हो सकते हैं। खासकर फैशन, डिजाइन, मीडिया, ब्यूटी, होटल, लग्जरी, एंटरटेनमेंट, मार्केटिंग और क्रिएटिव फील्ड से जुड़े लोगों के लिए यह समय बेहतर रहेगा। यह बदलाव सिर्फ कारोबार तक सीमित नहीं रहेगा। व्यक्तिगत रिश्तों में भी बातचीत और समझ बढ़ेगी। जिन लोगों के विवाह की बात चल रही है, उनके लिए भी सितंबर का यह चरण महत्वपूर्ण हो सकता है।
3 सितंबर को गुरु अश्लेषा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे
3 सितंबर को शाम 7 बजकर 02 मिनट पर गुरु अश्लेषा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। गुरु इस समय कर्क राशि में हैं और कर्क में उन्हें उच्च का माना जाता है। ऐसे में अश्लेषा नक्षत्र का प्रभाव गुरु के परिणामों को अधिक रणनीतिक बना सकता है। सितंबर के पहले सप्ताह के बाद लिए गए फैसलों में सिर्फ तेजी नहीं बल्कि दूर की सोच भी दिखाई देगी। जो लोग किसी बड़ी कारोबारी योजना पर काम कर रहे हैं, उन्हें अपने पुराने तरीके में बदलाव करना पड़ सकता है। निवेश, शिक्षा, सलाह, रिसर्च और रणनीति से जुड़े मामलों में बेहतर अवसर सामने आ सकते हैं। यह समय उन लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण रहेगा जो किसी बड़े प्रोजेक्ट पर काफी समय से काम कर रहे हैं। सितंबर के दूसरे और तीसरे सप्ताह में उस काम को आगे बढ़ाने के रास्ते खुल सकते हैं।
5 सितंबर को बुध उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र में जाएंगे
5 सितंबर को शाम 4 बजकर 31 मिनट पर बुध उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। इस बदलाव के बाद कामकाज में बातचीत, डॉक्यूमेंट्स, समझौते और योजना से जुड़े मामले ज्यादा सक्रिय होंगे। नौकरी में किसी महत्वपूर्ण मीटिंग, प्रेजेंटेशन या चर्चा का परिणाम आपके पक्ष में जा सकता है। बिजनेस में लंबे समय से अटकी बातचीत दोबारा शुरू हो सकती है। किसी पुराने संपर्क से भी काम की बात आगे बढ़ सकती है। जिन लोगों का काम लेखन, मीडिया, मार्केटिंग, सेल्स या कम्युनिकेशन से जुड़ा है, उनके लिए यह समय खास रहेगा।
7 सितंबर को बुध कन्या राशि में प्रवेश करेंगे
7 सितंबर को दोपहर 1 बजकर 35 मिनट पर बुध कन्या राशि में प्रवेश करेंगे। सितंबर के पूरे ग्रह घटनाक्रम में यह सबसे महत्वपूर्ण बदलावों में से एक है। बुध कन्या राशि में अपनी मजबूत स्थिति बनाते हैं और इसके बाद उनकी निर्णय क्षमता, विश्लेषण और कामकाज से जुड़े प्रभाव ज्यादा स्पष्ट दिखाई देंगे। इसका सीधा असर नौकरी और बिजनेस पर पड़ेगा। नौकरी करने वालों को अपनी मेहनत का परिणाम मिलने लगेगा। प्रमोशन, नई जिम्मेदारी, नई पोस्ट या जॉब चेंज के मौके बन सकते हैं। इंटरव्यू देने वालों के लिए भी समय अच्छा रहेगा। बिजनेस में हिसाब-किताब, रणनीति, नई डील, क्लाइंट मैनेजमेंट और विस्तार की योजना को फायदा मिलेगा। जो कारोबारी अब तक किसी फैसले को लेकर असमंजस में थे, वे सितंबर के दूसरे सप्ताह में ज्यादा स्पष्ट निर्णय ले सकेंगे।
10 सितंबर को अरुण वक्री होंगे
10 सितंबर को रात 11 बजकर 57 मिनट पर अरुण वक्री होंगे। आधुनिक ज्योतिष के अनुसार इसका प्रभाव अचानक बदलाव, तकनीकी क्षेत्र, डिजिटल काम और पुराने सिस्टम में परिवर्तन के रूप में देखा जा सकता है। टेक्नोलॉजी, ऑनलाइन बिजनेस, डिजिटल मीडिया और स्टार्टअप से जुड़े लोगों के लिए यह समय नई दिशा खोल सकता है। किसी काम का तरीका बदल सकता है या ऐसी योजना सामने आ सकती है जिस पर पहले ध्यान नहीं दिया गया था।
11 सितंबर को शुक्र स्वाती नक्षत्र में प्रवेश करेंगे
11 सितंबर को रात 11 बजकर 19 मिनट पर शुक्र स्वाती नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। इस समय तक शुक्र तुला राशि में मजबूत स्थिति में होंगे। यही कारण है कि सितंबर का मध्य कारोबारी संपर्कों के लिए खास रहेगा। नए लोगों से जुड़ने, पुराने क्लाइंट को दोबारा जोड़ने और नेटवर्क बढ़ाने के मौके मिल सकते हैं। बिजनेस में अकेले प्रयास करने के बजाय सही संपर्कों का इस्तेमाल ज्यादा फायदा देगा।
13 सितंबर को बुध हस्त और सूर्य उत्तराफाल्गुनी में
13 सितंबर को सुबह 10 बजकर 47 मिनट पर बुध हस्त नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। इसी दिन रात 9 बजकर 53 मिनट पर सूर्य उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। सितंबर के इस चरण में काम को सिर्फ शुरू करने की नहीं, उसे सही तरीके से पूरा करने की स्थिति बनेगी। नौकरी करने वालों को ऐसी जिम्मेदारी मिल सकती है जिससे उनकी प्रोफेशनल वैल्यू बढ़ेगी। बिजनेस में किसी नए प्रोजेक्ट या क्लाइंट के कारण काम का दबाव बढ़ सकता है, लेकिन इसका फायदा आगे चलकर मिल सकता है।
15 सितंबर को सूर्य और मंगल का 60 डिग्री संबंध
15 सितंबर को रात 1 बजकर 17 मिनट पर सूर्य और मंगल 60 डिग्री के संबंध में आएंगे। यह स्थिति करियर में ऊर्जा और फैसलों को तेजी दे सकती है। सरकारी, प्रशासनिक, तकनीकी और नेतृत्व से जुड़े कामों में सक्रियता बढ़ सकती है। जो लोग किसी काम को लेकर लंबे समय से पीछे हट रहे थे, वे अब उस पर निर्णायक कदम उठा सकते हैं। हालांकि इस दौरान आक्रामक रवैये से बचना जरूरी होगा।
17 सितंबर को कन्या में जाएंगेसूर्य
17 सितंबर को सुबह 7 बजकर 58 मिनट पर सूर्य कन्या राशि में प्रवेश करेंगे। उस समय बुध भी कन्या में मौजूद होंगे। ऐसे में सूर्य और बुध की यह सक्रियता करियर और कामकाज के मामलों में नई गति देगी। नौकरी में अधिकारियों का ध्यान आपकी ओर आएगा। नई जिम्मेदारी, प्रोजेक्ट या पद मिलने की संभावना बढ़ेगी। जो लोग सरकारी नौकरी, प्रशासन या मैनेजमेंट में हैं, उनके लिए यह समय खास हो सकता है। बिजनेस में सिस्टम सुधारने और काम को व्यवस्थित करने का अच्छा समय रहेगा। सितंबर का तीसरा सप्ताह कई लोगों के लिए करियर की दिशा बदलने वाला साबित हो सकता है।18 सितंबर को कर्क राशि में प्रवेश करेंगे मंगल
18 सितंबर को शाम 4 बजकर 44 मिनट पर मंगल कर्क राशि में प्रवेश करेंगे। कर्क में मंगल की स्थिति कमजोर मानी जाती है। इस बदलाव के बाद कुछ राशियों के लिए गुस्सा, पारिवारिक तनाव, प्रॉपर्टी विवाद और जल्दबाजी वाले फैसले परेशानी बढ़ा सकते हैं। इस समय नौकरी छोड़ने, पार्टनरशिप खत्म करने या प्रॉपर्टी में बड़ा पैसा लगाने जैसे फैसले सोच-समझकर लेने होंगे। भावनाओं में लिया गया फैसला नुकसान दे सकता है।
20 सितंबर को अश्लेषा नक्षत्र में पहुंचेंगे गुरु
20 सितंबर को सुबह 8 बजकर 53 मिनट पर गुरु के अश्लेषा नक्षत्र से जुड़े घटनाक्रम का एक और प्रभाव दर्ज होगा। यह समय रणनीति और गहरी सोच से जुड़े मामलों को और सक्रिय कर सकता है। जिन लोगों की योजना लंबे समय के काम से जुड़ी है, उन्हें इस समय जल्दबाजी से बचते हुए स्थिति को अपने पक्ष में मोड़ने की कोशिश करनी चाहिए।
21 सितंबर को चित्रा नक्षत्र में जाएंगे बुध
21 सितंबर को रात 10 बजकर 45 मिनट पर बुध चित्रा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। इसके अगले दिन यानी 22 सितंबर को सुबह 4 बजकर 18 मिनट पर बुध और गुरु 60 डिग्री के संबंध में आएंगे। यह सितंबर का एक बहुत अच्छा चरण बन सकता है। बुध और गुरु का यह संबंध नौकरी, शिक्षा, सलाह, बिजनेस डील, लेखन और रणनीतिक फैसलों के लिए अच्छा परिणाम दे सकता है। किसी जटिल समस्या का रास्ता निकल सकता है। बिजनेस में बड़ा प्रस्ताव मिल सकता है। नौकरी में वरिष्ठ अधिकारी के सामने अपनी बात रखने का सही मौका मिल सकता है।
24 सितंबर को मंगल पुष्य नक्षत्र में जाएंगे
24 सितंबर को सुबह 5 बजकर 50 मिनट पर मंगल पुष्य नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। मंगल अभी कर्क राशि में ही रहेंगे, इसलिए जल्दबाजी की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होगी। हालांकि काम को एक दिशा देने का मौका मिलेगा। घर, प्रॉपर्टी और पारिवारिक मामलों में संयम से काम लेना जरूरी रहेगा। बिजनेस में भी छोटी बात को बड़ा बनाने से बचना होगा।
26 सितंबर को बुध तुला राशि में प्रवेश करेंगे
26 सितंबर को सुबह 12 बजकर 41 मिनट पर बुध तुला राशि में प्रवेश करेंगे। इस समय शुक्र पहले से तुला राशि में मौजूद होंगे। महीने के अंतिम दिनों में बुध और शुक्र की यह स्थिति कारोबार और कम्युनिकेशन के लिए बेहद मजबूत बन सकती है। नए क्लाइंट, पार्टनरशिप, मार्केटिंग, सेल्स, इंटरव्यू और पब्लिक डीलिंग से जुड़े मामलों में फायदा मिल सकता है। सितंबर का आखिरी सप्ताह बिजनेस करने वालों के लिए खास तौर पर महत्वपूर्ण रहेगा।
27 सितंबर को हस्त नक्षत्र में आएंगे सूर्य
27 सितंबर को दोपहर 1 बजकर 25 मिनट पर सूर्य हस्त नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। महीने के अंतिम दिनों में काम को व्यवस्थित करने और लंबे समय से चल रही योजनाओं को पूरा करने की जरूरत बढ़ेगी। जो लोग पूरे महीने मेहनत कर रहे होंगे, उन्हें इस समय अपने काम का वास्तविक परिणाम दिखाई देना शुरू हो सकता है। अब आइए जानते हैं कि सभी 12 राशि वालों के लिए यह सितंबर कैसा रहेगा।
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए सितंबर में शुक्र का सातवें भाव से प्रभाव बिजनेस और पार्टनरशिप के लिए अच्छा रहेगा। अगर लंबे समय से नया कारोबार शुरू करने या पुराने बिजनेस को बढ़ाने की योजना है, तो सितंबर में उस पर काम आगे बढ़ सकता है। नए ग्राहक और पार्टनरशिप के अवसर मिल सकते हैं। हालांकि 18 सितंबर के बाद मंगल की स्थिति के कारण घर और प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों में सावधानी जरूरी होगी।
वृषभ राशि
वृषभ राशि वालों के लिए शनि लाभ भाव में हैं और सितंबर में यह स्थिति आर्थिक फायदा देने वाली बन सकती है। बुध के मजबूत होने के बाद शिक्षा, निर्णय और क्रिएटिव कामों में फायदा मिलेगा। नौकरी में प्रतियोगिता बढ़ेगी लेकिन आपके लिए आगे निकलने के रास्ते भी बनेंगे। बिजनेस में पुरानी योजना को नए तरीके से लागू करने पर फायदा मिल सकता है।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के स्वामी बुध हैं और सितंबर में बुध कई बार मजबूत स्थिति में रहेंगे। 7 सितंबर को बुध कन्या में आएंगे और महीने के अंत में तुला में प्रवेश करेंगे। इस पूरे समय बुध की सक्रियता आपके लिए कई महत्वपूर्ण अवसर लेकर आ सकती है।मीडिया, पत्रकारिता, मार्केटिंग, सेल्स, डिजिटल, लेखन और कम्युनिकेशन से जुड़े लोगों के लिए सितंबर बहुत अच्छा रह सकता है। नौकरी में किसी वरिष्ठ व्यक्ति के सामने अपनी बात रखने का सही मौका मिलेगा। गुरु आर्थिक क्षेत्र को मजबूती दे रहे हैं और शनि करियर में मेहनत बढ़ा रहे हैं। इसका मतलब है कि सितंबर में मेहनत भी होगी और उसी के साथ परिणाम भी दिखाई देंगे।
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए गुरु की स्थिति मजबूत है और इससे व्यक्तित्व तथा निर्णय क्षमता को समर्थन मिलेगा। लेकिन 18 सितंबर को मंगल आपकी राशि में आकर कुछ तनाव बढ़ा सकते हैं। नौकरी में सूर्य और बुध के प्रभाव से कम्युनिकेशन मजबूत होगा। अपने दम पर कोई काम शुरू करने का अवसर मिल सकता है। हालांकि पारिवारिक या प्रॉपर्टी विवाद में गुस्से से फैसला न लें।
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए सितंबर आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण है। बुध और बाद में सूर्य धन के क्षेत्र को सक्रिय करेंगे। आमदनी बढ़ाने के नए रास्ते मिल सकते हैं। बिजनेस में नेगोशिएशन से फायदा होगा। परिवार के साथ आर्थिक योजना बन सकती है। हालांकि खर्चों को नियंत्रित रखना जरूरी होगा। किसी भी निवेश में जल्दबाजी न करें।
कन्या राशि
कन्या राशि वालों के लिए सितंबर 2026 सबसे मजबूत महीनों में शामिल हो सकता है। इसकी सबसे बड़ी वजह 7 सितंबर को बुध का आपकी राशि में प्रवेश करना है। बुध आपकी राशि के स्वामी भी हैं और यहां उनकी स्थिति मजबूत होती है। इसके बाद 17 सितंबर को सूर्य भी आपकी राशि में आ जाएंगे। नौकरी करने वालों के लिए यह समय शानदार है। प्रमोशन, नई जिम्मेदारी, नई पोस्ट और जॉब चेंज के अवसर मिल सकते हैं। ऑफिस में आपकी बात को ज्यादा महत्व मिलेगा। इंटरव्यू या महत्वपूर्ण मीटिंग में भी सफलता की संभावना बढ़ेगी। बिजनेस करने वालों के लिए भी सितंबर का दूसरा और तीसरा सप्ताह मजबूत है। नई डील, क्लाइंट और कारोबारी विस्तार के अवसर सामने आ सकते हैं। 21-22 सितंबर के आसपास कोई महत्वपूर्ण फैसला आपके पक्ष में जा सकता है। गुरु लाभ के क्षेत्र को मजबूत कर रहे हैं, जबकि शनि साझेदारी और कारोबारी संबंधों को गंभीर दिशा दे रहे हैं। इस वजह से सितंबर में मेहनत के साथ लाभ भी दिखाई देगा।
तुला राशि
तुला राशि वालों के लिए सितंबर का महीना बेहद खास रहेगा। 2 सितंबर को शुक्र आपकी राशि में प्रवेश करेंगे और अपनी ही राशि में मजबूत स्थिति बनाएंगे। 11 सितंबर को शुक्र स्वाती नक्षत्र में जाएंगे और 26 सितंबर को बुध भी आपकी राशि में पहुंच जाएंगे। यानी महीने का अंतिम सप्ताह आपके लिए सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा। बिजनेस में क्लाइंट और नेटवर्क बढ़ेंगे। नई डील मिल सकती है। ब्रांडिंग, मार्केटिंग और पब्लिक रिलेशन से फायदा होगा। नौकरी में भी बातचीत के जरिए रास्ते खुलेंगे। कोई इंटरव्यू, मीटिंग या नई जिम्मेदारी आगे बढ़ सकती है। व्यक्तिगत रिश्तों में भी मधुरता रहेगी और विवाह से जुड़े मामलों में सकारात्मक खबर मिल सकती है।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों के लिए सितंबर लाभ के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा। 7 सितंबर के बाद बुध लाभ क्षेत्र को सक्रिय करेंगे और 17 सितंबर के बाद सूर्य भी आर्थिक और नेटवर्क संबंधी मामलों में मजबूती देंगे। पुराने संपर्क से नई नौकरी मिल सकती है। बिजनेस में कोई पुराना क्लाइंट दोबारा काम दे सकता है। लंबे समय से रुका हुआ आर्थिक लाभ सितंबर के दूसरे हिस्से में मिल सकता है। गुरु भाग्य का साथ दे रहे हैं और शिक्षा तथा प्रतियोगिता से जुड़े मामलों में भी फायदा मिल सकता है। नौकरी बदलने वालों के लिए भी सितंबर का दूसरा हिस्सा उपयोगी रहेगा।
धनु राशि
धनु राशि वालों के लिए सितंबर में बुध और सूर्य कर्मक्षेत्र को सक्रिय करेंगे। नौकरी में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। अधिकारियों के साथ संबंध बेहतर होंगे और आपकी मेहनत पर ध्यान दिया जाएगा। बिजनेस में काम का विस्तार होगा। दूर स्थान या विदेशी संपर्क से भी लाभ मिलने की संभावना बन सकती है। सितंबर के अंतिम सप्ताह में करियर से जुड़ा कोई बड़ा फैसला सामने आ सकता है।
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए सितंबर में शुक्र का प्रभाव कर्मक्षेत्र को मजबूत करेगा। 2 सितंबर के बाद करियर से जुड़े मामलों में आकर्षक अवसर मिल सकते हैं। किसी ऐसे प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका मिलेगा जिससे आपकी प्रोफेशनल पहचान मजबूत होगी। गुरु का प्रभाव बिजनेस और पार्टनरशिप के लिए अच्छा रहेगा। 7 सितंबर के बाद बुध भाग्य के क्षेत्र को मजबूत करेंगे और 26 सितंबर के बाद कर्मक्षेत्र को सक्रिय करेंगे। यही वजह है कि सितंबर का आखिरी सप्ताह नौकरी और बिजनेस दोनों में बड़ा परिणाम दे सकता है। हालांकि, 18 सितंबर के बाद मंगल के प्रभाव के कारण पार्टनरशिप में बहस से बचना होगा। कारोबारी समझौते लिखित रूप में रखें।
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए शुक्र का नवम भाव से प्रभाव भाग्य और बड़े संपर्कों को मजबूत कर सकता है। बुध बाद में सातवें भाव में पहुंचकर बिजनेस और साझेदारी को सक्रिय करेंगे। नए क्लाइंट, पार्टनर या बिजनेस प्रस्ताव मिल सकते हैं। नौकरी में पब्लिक डीलिंग और बातचीत वाले कामों में फायदा होगा।
मीन राशि
मीन राशि वालों के लिए सितंबर जिम्मेदारियों से भरा रहेगा, लेकिन इसके साथ अवसर भी आएंगे। गुरु का प्रभाव शिक्षा और समझ को मजबूत करेगा। बुध का सातवें भाव की तरफ जाना बिजनेस और साझेदारी के लिए अच्छा संकेत देगा। नौकरी बदलने की योजना बना रहे लोगों को महीने के दूसरे हिस्से में अवसर मिल सकते हैं। बिजनेस में किसी नए व्यक्ति के जुड़ने से काम बढ़ सकता है।
सितंबर में सबसे ज्यादा किस्मत चमकेगी
पूरे महीने की ग्रह स्थिति को एक साथ देखें तो कन्या और तुला राशि सबसे मजबूत स्थिति में दिखाई देती हैं। कन्या राशि को 7 सितंबर के बाद बुध की मजबूती, 17 सितंबर के बाद सूर्य का साथ और गुरु के लाभकारी प्रभाव का समर्थन मिलेगा। तुला राशि को 2 सितंबर से अपने राशि स्वामी शुक्र की मजबूती मिलेगी और 26 सितंबर को बुध भी उसी राशि में आ जाएंगे। इसके बाद मिथुन, मकर और वृश्चिक राशि वालों के लिए सितंबर बेहद उपयोगी रह सकता है। मिथुन को बुध की मजबूती से कम्युनिकेशन और करियर में फायदा, मकर को प्रोफेशन और बिजनेस में अवसर तथा वृश्चिक को लाभ और नौकरी के क्षेत्र में सफलता मिल सकती है।
सितंबर में किसे संभलकर चलना होगा
मंगल का 18 सितंबर को कर्क राशि में प्रवेश कुछ राशियों की परेशानी बढ़ा सकता है। घर, जमीन, प्रॉपर्टी और पारिवारिक विवाद में जल्दबाजी से बचना होगा। महीने की शुरुआत में मंगल-शनि का 90 डिग्री संबंध भी तनाव और दबाव बढ़ा सकता है। इस अवधि में कोई भी बड़ा निर्णय गुस्से में लेने की बजाय पूरी स्थिति देखकर लेना ज्यादा फायदेमंद रहेगा।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
