ईश्वर से मांगने के बजाय खुद को अर्पित करना सीखें, सद्गुरु ने बताया आध्यात्मिक विकास का सही रास्ता

सद्गुरु कहते हैं कि दिव्यलिंग को पाने का सबसे अच्छा तरीका अर्पण की भावना के साथ आना है। खुद को दिव्य के प्रति अर्पित करने में आप स्वयं दिव्य हो जाते हैं।

हम जब भी मंदिर जाते हैं, पूजा करते हैं या ध्यान लगाते हैं तो लगभग हर बार हमारे मन में कोई न कोई इच्छा होती है। कोई नौकरी चाहता है, कोई बीमारी से राहत, कोई परिवार की खुशहाली तो कोई अपने जीवन में शांति। मतलब कि हमारी आध्यात्मिक यात्रा भी कई बार कुछ पाने की उम्मीद से शुरू होती है। हालांकि सद्गुरु आध्यात्मिकता को देखने का एक अलग नजरिया सामने रखते हैं। उनके मुताबिक असली बदलाव तब शुरू होता है, जब हम ईश्वर से मांगने के बजाय खुद को उनके प्रति अर्पित करने की भावना लेकर आगे बढ़ते हैं।

Sadguru (3)

सद्गुरु के इस विचार में छिपा है आध्यात्मिक विकास का रास्ता (Photo: Isha Foundation)

सद्गुरु कहते हैं कि दिव्यलिंग को पाने का सबसे अच्छा तरीका अर्पण की भावना के साथ आना है। खुद को दिव्य के प्रति अर्पित करने में आप स्वयं दिव्य हो जाते हैं। वो कहते हैं कि यहां अर्पण का अर्थ केवल फूल, फल या कोई दूसरी वस्तु चढ़ाना नहीं है। इसका मतलब अपने समय, ध्यान, भावनाओं और पूरी मौजूदगी को किसी काम में लगाना भी हो सकता है।

मसलन, जब आप प्रार्थना कर रहे हों तो आपका ध्यान मोबाइल या दूसरी चिंताओं में न भटके। जब ध्यान करें तो उसे सिर्फ रोज की सूची में शामिल एक काम की तरह न करें। कुछ देर खुद को पूरी तरह उस अनुभव के हवाले करें।

बदले में कुछ पाने की उम्मीद कम करें

सद्गुरु के विचार का एक अहम हिस्सा यह भी है कि आध्यात्मिक अभ्यास को लेन-देन की तरह न देखा जाए। अगर हम ध्यान इसलिए कर रहे हैं कि अगले कुछ दिनों में हमारी समस्या खत्म हो जाए, तो परिणाम तुरंत न मिलने पर निराशा हो सकती है।

इसके बजाय अभ्यास को खुद में एक अनुभव की तरह देखा जा सकता है। कुछ देर शांत बैठना, अपने विचारों को देखना और अपनी भावनाओं को समझना भी इसी यात्रा का हिस्सा है।

रोजमर्रा की जिंदगी में भी हो सकता है ‘अर्पण’

इसके लिए हर दिन मंदिर या किसी आध्यात्मिक स्थान पर जाना जरूरी नहीं। किसी की मदद बिना तारीफ की उम्मीद के करना, अपने काम को ईमानदारी से करना, परिवार के साथ पूरी मौजूदगी से समय बिताना या कुछ मिनट शांत बैठकर अपने भीतर झांकना भी अर्पण की भावना का हिस्सा हो सकता है।

सद्गुरु का का यह विचार हमें एक सरल सवाल की तरफ ले जाता है कि हम आध्यात्मिकता से क्या पाने की कोशिश कर रहे हैं और उसके लिए खुद से क्या देने को तैयार हैं? शायद आध्यात्मिक विकास की शुरुआत इसी सवाल से होती है।

End Article
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्...

End of Feed