Adi Shankaracharya Jayanti 2025 Date (आदि शंकराचार्य जयंती 2025 तारीख): जगद्गुरु आदि शंकराचार्य जयंती की डेट सनातन धर्म में एक प्रमुख तिथि मानी जाती है। आदि शंकराचार्य जी का जन्म वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को माना जाता है और हर साल अंग्रेजी कैलेंडर के मुताबिक यह डेट अप्रैल माह के अंत या मई माह के प्रारंभ में आती है। जगद्गुरु आदि शंकराचार्य जी का जन्म 8वीं सदी के आसपास केरल के कालड़ी गांव में हुआ था। सनातन धर्म में उनका मुख्य योगदान अद्वैत वेदांत (अद्वैतवाद) के सिद्धांत को पुनः प्रतिष्ठित करना रहा है। उनको सनातन धर्म के संरक्षण और प्रसार के लिए भी याद किया जाता है।
आदि शंकराचार्य जयंती 2025 डेट
Adi Shankaracharya Jayanti 2025 Date
आदि शंकराचार्य जयंती 2025 में 2 मई, दिन शुक्रवार को मनाई जाएगी। बता दें कि वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि का आरंभ एक मई, दिन गुरुवार को सुबह 11:23 मिनट से होगा। इस तिथि का समापन 2 मई को सुबह 9:14 बजे पर होगा। इस तरह उदया तिथि के मुताबिक, आदि शंकराचार्य जयंती 2025 में 2 मई को पड़ेगी।
आदि शंकराचार्य जयंती का महत्व
आदि शंकराचार्य जयंती को देश भर में पूरे भक्ति भाव से मनाया जाता है। आदि शंकराचार्य जी ने अपने जीवन काल में सनातन धर्म की एकता और अखंडता के लिए चार प्रमुख मठों -शृंगेरी, द्वारका, पुरी, ज्योतिर्मठ की स्थापना की थी। वहीं उन्होंने अनेक उपनिषदों, भगवद गीता और ब्रह्मसूत्र पर अद्वैतवादी भाष्य लिखे और इनके जरिए अद्वैत वेदांत दर्शन का प्रचार-प्रसार किया। आदि शंकराचार्य जी ने अष्टादश शंकर भाष्य और स्तोत्रों की रचना भी की है। आदि शंकराचार्य जी को उनके कार्यों के लिए आज भी अत्यंत आदर और श्रद्धा के साथ स्मरण किया जाता है।
