जयपुर उत्तर की विद्याधर नगर थाना पुलिस ने लगातार नकबजनी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी समीर शेख उर्फ चांद (निवासी इमाम चौक, श्रीराम टीला, थाना भट्टाबस्ती, जयपुर) 13 अक्टूबर को जेल से रिहा हुआ था और रिहाई के बाद से ही फिर से चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ पहले से ही 47 मामले दर्ज हैं।
लाखों की ज्वैलरी और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 829.59 ग्राम सोने के आभूषण, 807 ग्राम चांदी की ज्वैलरी, पूजा सामग्री, 1,11,525 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की है। यह कार्रवाई 29 नवंबर को विद्याधर नगर के मकान संख्या 4/22 में हुई बड़ी नकबजनी की वारदात के बाद शुरू हुई। परिवादी डॉ. रमेशचंद गुप्ता ने रिपोर्ट दी थी कि 28 नवंबर की रात परिवार समेत समारोह में जाने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर करोड़ों की ज्वैलरी और नकदी चोरी कर ले गए।
CCTV फुटेज से खुली आरोपी की पहचान
वारदात के बाद डीसीपी नॉर्थ करन शर्मा ने शहर में बढ़ती नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष निर्देश दिए। इसके बाद एडीसीपी नॉर्थ (द्वितीय) बजरंग सिंह शेखावत, एसीपी शास्त्रीनगर सुरेंद्र सिंह और थानाधिकारी विद्याधर नगर नरेन्द्र खीचड़ के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं।
जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में एक अपाचे बाइक सवार को चोरी कर भागते हुए देखा गया। तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपी की पहचान समीर शेख उर्फ चांद के रूप में पक्की हुई।
झुंझुनूं से दबोचा गया हिस्ट्रीशीटर
डीसीपी करन शर्मा के अनुसार, आरोपी के झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी इलाके में छिपे होने की जानकारी मिली। इस पर 2 दिसंबर को पुलिस टीम रवाना की गई और 4 दिसंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने जेल से छूटने के बाद कई और चोरी की वारदातों का खुलासा किया।
जेल से रिहाई के बाद की गई वारदातें
- 14 अक्टूबर: सैन कॉलोनी से एक्टिवा चोरी
- •15 अक्टूबर: मकान 7/315, विद्याधर नगर में नकबजनी
- •19 अक्टूबर: जनाना अस्पताल के बाहर से अपाचे बाइक चोरी
- •7 नवंबर: C-58 रामनगर, शास्त्रीनगर में नकबजनी
- को अंजाम दिया था।
उसने खुलासा किया कि वह रात में बंद घरों की रेकी कर वारदात करता है और चोरी की रकम व ज्वैलरी मौज-मस्ती में उड़ाता है। वारदातों के बाद वह झुंझुनूं में अपनी बहन-बहनोई के पास छुपा हुआ था। पुलिस अब उससे अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
