Towel Hygiene Tips: हम रोज नहाकर शरीर को साफ करते हैं, लेकिन जिस तौलिए से शरीर पोंछते हैं, उसकी सफाई पर कई बार ध्यान नहीं देते। लोग एक ही तौलिए का इस्तेमाल कई दिनों या हफ्तों तक करते रहते हैं। तौलिया ऊपर से साफ दिखता है, इसलिए उसे धोने की जरूरत महसूस नहीं होती। हालांकि ऐसा करना सही नहीं है। इस्तेमाल के बाद तौलिए में नमी, पसीना, त्वचा की मृत कोशिकाएं और शरीर का प्राकृतिक तेल जमा हो जाता है। अगर तौलिया ठीक से नहीं सूखता, तो उसमें बैक्टीरिया और फंगस पनपने का खतरा बढ़ सकता है।
नहाने के तौलिए को कितने दिन में धोना चाहिए? गीला रखने की आदत पड़ सकती है भारी (Photo: iStock)
कितनी बार इस्तेमाल करने के बाद धोएं तौलिया?
त्वचा रोग विशेषज्ञों के मुताबिक, नहाने के तौलिए को तीन से चार बार इस्तेमाल करने के बाद धोना चाहिए। हालांकि, अगर तौलिए का इस्तेमाल ज्यादा पसीना आने के बाद किया गया है या किसी को त्वचा का संक्रमण है, तो उसे इससे पहले भी धोने की जरूरत हो सकती है।
तौलिए को धोने का सही समय उसकी हालत पर भी निर्भर करता है। अगर उसमें से सीलन या बदबू आ रही है, वह लंबे समय तक गीला रहता है या उस पर गंदगी दिखाई दे रही है, तो उसे दोबारा इस्तेमाल करने से बचें।
इस्तेमाल के बाद तौलिया कैसे सुखाएं?
तौलिए की सफाई के लिए उसे समय पर धोना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी इस्तेमाल के बाद ठीक से सुखाना भी है। नहाने के बाद तौलिए को बाथरूम में किसी हुक पर सिकोड़कर टांगने के बजाय पूरी तरह फैलाकर रखें। इससे हवा उसके हर हिस्से तक पहुंच सकेगी और वह जल्दी सूखेगा।
अगर बाथरूम में नमी ज्यादा रहती है, तो तौलिए को किसी हवादार जगह पर सुखाना बेहतर है। गीले तौलिए को मोड़कर अलमारी में रखना या कपड़ों की बंद टोकरी में डालना ठीक नहीं है। नमी बनी रहने से उसमें बदबू आने और बैक्टीरिया के पनपने की आशंका बढ़ सकती है।
हर किसी का तौलिया अलग होना चाहिए
घर में एक ही तौलिए का इस्तेमाल कई लोगों को नहीं करना चाहिए। तौलिया साझा करने से त्वचा से जुड़े बैक्टीरिया एक व्यक्ति से दूसरे तक पहुंच सकते हैं। खासकर घर में किसी को फंगल या त्वचा का संक्रमण हो, तो उसके तौलिए को अलग रखना जरूरी है।
तौलिया कब बदल देना चाहिए?
तौलिया हमेशा इस्तेमाल करने लायक नहीं रहता। अगर उसे धोने के बाद भी बदबू आती है, उस पर दाग या फफूंद के निशान बने रहते हैं, कपड़ा खुरदरा हो गया है या वह पानी ठीक से नहीं सोखता, तो नया तौलिया लेने का समय हो सकता है।
कुल मिलाकर, तौलिए को साफ रखने के लिए उसे नियमित रूप से धोएं, हर इस्तेमाल के बाद पूरी तरह सुखाएं और परिवार के हर सदस्य के लिए अलग तौलिया रखें। ये छोटी आदतें त्वचा की सफाई और रोजमर्रा की हाइजीन बनाए रखने में मदद कर सकती हैं।
