सावन शिवरात्रि का व्रत आस्था के साथ-साथ खान-पान को लेकर भी थोड़ा अलग होता है। इस दिन कई लोग अनाज, दाल और सामान्य नमक से दूरी बनाकर फलाहार करते हैं। लेकिन व्रत में सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि आखिर खाएं क्या? खासकर तब, जब पूरा दिन काम भी करना हो और किचन में घंटों खड़े रहने का मन न हो। ऐसे में ऐसी डिशेज काम आती हैं जो जल्दी बनें, स्वादिष्ट हों और व्रत के नियमों के हिसाब से भी बनाई जा सकें।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - सावन शिवरात्रि के मेहंदी के लेटेस्ट डिजाइन
साबूदाना, आलू, दही और कुट्टू जैसे चीजों से कई आसान डिशेज तैयार हो जाते हैं। देखें 3 ऐसी डिशेज, जो आप आज सावन शिवरात्रि के व्रत में एकदम ही आसानी से बना लेंगे और सबको खूब पसंद भी आएगा।
1. साबूदाना खिचड़ी: व्रत का झटपट फेवरेट
साबूदाना खिचड़ी व्रत में सबसे पसंद की जाने वाली डिशेज में से एक है। इसे बनाने के लिए पहले से भिगोया हुआ साबूदाना, उबला आलू, मूंगफली, हरी मिर्च और सेंधा नमक चाहिए।
कड़ाही में थोड़ा घी या तेल गर्म करें। इसमें मूंगफली डालकर हल्का भून लें। फिर हरी मिर्च और कटे हुए उबले आलू डालें। अब साबूदाना और सेंधा नमक डालकर कुछ मिनट हल्के हाथ से मिलाएं।
बस, आपकी गरमा-गरम खिचड़ी तैयार है। ऊपर से थोड़ा नींबू और हरा धनिया डाल सकते हैं, अगर आपके व्रत में इसकी अनुमति हो।
छोटा सा ट्विस्ट: साबूदाना को बहुत ज्यादा पानी में भिगोने से खिचड़ी चिपचिपी हो सकती है। इसलिए पानी की मात्रा संभालकर रखें।
2. कुट्टू का चीला: कम तेल में भी बनेगा टेस्टी
अगर व्रत में कुछ ऐसा खाने का मन है जो थोड़ा क्रिस्पी और फिलिंग हो, तो कुट्टू का चीला अच्छा ऑप्शन है।
कुट्टू के आटे में उबला और मैश किया हुआ आलू, सेंधा नमक, हरी मिर्च और जरूरत के हिसाब से पानी डालकर बैटर तैयार करें। इसे बहुत पतला न रखें।
अब तवे पर थोड़ा घी लगाएं और बैटर फैलाकर दोनों तरफ से सेंक लें। इसे दही के साथ खाया जा सकता है।
3. आलू-दही चाट: जब कुछ चटपटा खाने का मन हो
व्रत में हर चीज मीठी या फीकी खाने की जरूरत नहीं है। अगर कुछ चटपटा खाने का मन कर रहा है तो आलू-दही चाट मिनटों में तैयार हो सकती है।
उबले आलू को छोटे टुकड़ों में काटें। इसमें फेंटा हुआ दही, सेंधा नमक, भुना जीरा और थोड़ी हरी मिर्च डालें। चाहें तो ऊपर से थोड़ी मूंगफली भी डाल सकते हैं।
इसे ठंडा-ठंडा खाने पर खासकर गर्मी या उमस वाले दिन काफी रिफ्रेशिंग लगता है।
जरूर ही आप ये वाली सिंपल रेसिपीज अपने व्रत में बना सकते हैं। इन्हें तैयार करने में वक्त भी कम लगेगा और स्वाद भी भरपूर आएगा।
