Rohit Bal Death News: फैशन की दुनिया के बेताज बादशाह रोहित बल अब हमारे बीच नहीं रहे। महज 63 साल की उम्र में रोहित ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रोहित बल लगभग एक साल से दिल की बीमारी से जुझ रहे थे। वहीं, अब जब रोहित के निधन की खबर आई तो सिर्फ फैशन जगत ही नहीं पूरा देश में शोक की लहर है।
बता दें कि फैशन डिजाइन काउंसिल ऑफ इंडिया ने खुद इस दुखद खबर की पुष्टि की है। रोहित बल भी FDCI के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। रोहित का यूं अचानक अलविदा कह जाना पूरे देश के लिए किसी सदमे से कम नहीं है। आज नम आंखों से हर कोई रोहित को श्रद्धांजलि दे रहा है।
फैशन जगत के गुड्डा थे रोहित
फैशन की दुनिया में रोहित बल को अपने डिजाइंस के दम पर एक खास मुकाम हासिल हुआ था। प्यार से वह गुड्डा के नाम से भी लोकप्रिय थे। उनके डिजाइंस में पारंपरिक कला को मॉडर्न टच के साथ देखा जा सकता था। वह क्लीन कट्स और ग्रैंड के लिए जाने जाते थे। हाल ही में उनकी क्रिएशंस को महेंद्र सिंह धोनी, अनन्या पांडे जैसे सितारों ने पहना था। उनके रैंप शोज भी क्लास और ग्रैंडनेस का उदाहरण होते थे जिनमें वह अक्सर अपने मॉडल्स के साथ एंजॉय करते नजर आते थे। उनके जाने से बेशक फैशन जगत को एक बड़ा धक्का लगा है और उनकी कमी हमेशा ही खलेगी।
रोहित बल के बारे में जानकारी
रोहित बल का जन्म 8 मई 1961 में एक कश्मीरी पंडित परिवार में हुआ था। दिल्ली पब्लिक स्कूल,मथुरा रोड से उन्होंने स्कूली शिक्षा पाई और फिर नेशनल इंस्टीटयूट ऑफ फैशन टेक्नॉलजी से फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया था। रोहित बल ने मशहूर गेम शो कौन बनेगा करोड़पति के लिए भी कॉस्ट्यूम डिजाइन किए थे। वह मोर और कमल के फूल पर आधारित मोटिफ का खूब प्रयोग करते थे और रॉयल फैब्रिक जैसे वेलवेट, ब्रोकेड के मेल से शाही शान वाले डिजाइंस क्रिएट करते थे।
