Mehendi for Soft Hair: बालों में मेहंदी लगाना आपको भी पसंद होगा। इससे सफेद बालों को प्राकृतिक रंग मिल जाता है और बाल पहले से थोड़े घने भी दिखाई देते हैं। लेकिन मेहंदी धोने के बाद जब बाल छूने पर रूखे, कड़े और उलझे हुए महसूस होते हैं तो बहुत दुख होता है। अगर इसी डर से आप मेहंदी लगाने से बचती हैं तो प्रियंका चोपड़ा की मां डॉ. मधु चोपड़ा का एक आसान-सा तरीका आपके काम आ सकता है।
मेहंदी से बालों को रूखा होने से कैसे बचाएं
डॉ. मधु अखौरी चोपड़ा ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अपना मेहंदी रूटीन शेयर किया है। अपने इस वीडियो में वह बालों पर मेहंदी लगाए नजर आ रही हैं। इसमें वह बताती हैं कि बालों में मेहंदी लगाए उन्हें करीब एक घंटा हो चुका है और अब वह पूरी तरह सूख गई है। इसके बाद वह सूखी मेहंदी के ऊपर तेल लगवाती हैं।
अब आप सोच रहे होंगे कि मेहंदी धोने से पहले उस पर तेल लगाने का क्या फायदा है? डॉ. मधु चोपड़ा के मुताबिक, इस ट्रिक से सूखी हुई मेहंदी में दोबारा नमी आ जाती है और मेहंदी बालों को बहुत ज्यादा ड्राई नहीं करती। सूखी मेहंदी के ऊपर बालों पर तेल लगाकर धोने के बाद बाल मुलायम महसूस होते हैं।
मेहंदी में नहीं, सूखने के बाद लगाती हैं तेल
डॉ. मधु अखौरी चोपड़ा के इस हैक की खास बात यह है कि तेल को मेहंदी के घोल में नहीं मिलाया जाता। डॉ. मधु चोपड़ा पहले मेहंदी लगाती हैं और उसे लगभग एक घंटे तक बालों पर सूखने देती हैं। इसके बाद सूखी मेहंदी के ऊपर तेल लगाया जाता है।
सूखी मेहंदी पर तेल लगाने के लिए वह आदिवासी ऑयल में रोजमेरी और कैस्टर ऑयल मिलाती हैं। उनका कहना है कि यह मिश्रण सूख चुकी मेहंदी को नम कर देता है। इस तरह मेहंदी का रंग भी मिलता है और बाल जरूरत से ज्यादा रूखे भी नहीं होते।
मेहंदी लगाने के बाद रूखे क्यों हो जाते हैं बाल
दरअसल, मेहंदी सूखते समय बालों पर एक परत बना लेती है। बहुत देर तक सूखी मेहंदी लगी रहने से बालों में खिंचाव महसूस हो सकता है। जिनके बाल पहले से ड्राई, फ्रिजी या केमिकल ट्रीटेड हैं, उनके बाल धोने के बाद ज्यादा उलझे और बेजान लग सकते हैं।
ऐसे में तेल बालों के ऊपर एक हल्की कोटिंग बनाने में मदद करता है। खासतौर पर कैस्टर ऑयल गाढ़ा होता है, इसलिए इससे बाल थोड़े मुलायम और चमकदार महसूस हो सकते हैं। हालांकि, इसे बाल बढ़ाने या हेयर फॉल रोकने का पक्का इलाज नहीं समझना चाहिए।
आप कैसे आजमा सकती हैं यह मेहंदी हैक
आप पहले हमेशा की तरह बालों पर शुद्ध मेहंदी का पेस्ट लगा लें। इसे करीब 45 मिनट से एक घंटे तक रहने दें। जब मेहंदी सूखने लगे तो अपने नियमित हेयर ऑयल में थोड़ी-सी मात्रा में कैस्टर ऑयल मिला लें। यदि रोजमेरी एसेंशियल ऑयल इस्तेमाल कर रही हैं तो इसकी सिर्फ दो से तीन बूंदें ही डालें।
इस मिश्रण को हाथों या कॉटन की मदद से सूखी मेहंदी के ऊपर हल्के हाथ से लगाएं। बालों को जोर-जोर से रगड़ने की जरूरत नहीं है, वरना सूखी मेहंदी टूटकर गिरने लगेगी और बाल भी उलझ सकते हैं। पांच से दस मिनट बाद बालों को सामान्य पानी से अच्छी तरह धो लें। जरूरत महसूस हो तो माइल्ड शैंपू इस्तेमाल कर सकती हैं।
हर किसी को सूट करे, यह जरूरी नहीं
अब यह भी ध्यान रखें कि सोशल मीडिया पर बताया गया कोई नुस्खा हर व्यक्ति के बालों पर एक जैसा असर नहीं करता। अगर आपकी स्कैल्प बहुत ऑयली है, डैंड्रफ रहता है या सिर पर दाने और खुजली की समस्या है तो बहुत ज्यादा तेल इस्तेमाल न करें।
रोजमेरी एसेंशियल ऑयल को कभी भी सीधे स्कैल्प पर न लगाएं। इसे किसी कैरियर ऑयल में मिलाना जरूरी है। मेहंदी और तेल - दोनों का पहले पैच टेस्ट कर लें। साथ ही बाजार की काली मेहंदी से बचें, क्योंकि उसमें तेज केमिकल हो सकते हैं।
अगली बार मेहंदी लगाने के बाद बाल रूखे होने का डर हो, तो डॉ. मधु चोपड़ा का यह तरीका थोड़ी मात्रा में आजमाया जा सकता है। संभव है कि इससे आपको मेहंदी का खूबसूरत रंग भी मिले और बाल पहले की तरह सख्त और बेजान भी महसूस न हों।
