Thought of the day (आज का सुविचार): एक अच्छा विचार इंसान की जिंदगी बदलने का दम रखती है। ये सुविचार किसी को भी फिर से उठ खड़े होने और नए सिरे से अपने जीवन को शुरू करने का हौसला देती है। ये विचार महज विचार ना होकर प्रेरणा का काम करते हैं। हर किसी को प्रेरणा की जरूरत भी होती है। कई बार कोई इंसान हमारे लिए प्रेरणा का काम करता है तो कई बार सिर्फ कोई अच्छा विचार ही हमारी सोच को बदल कर रख देता है। इसी लिए हम आपको रोज एक अच्छे सुविचार से रूबरू करवाते हैं और समझाते हैं कि आखिर क्यों चलने का नाम ही जिंदगी है। इसी कड़ी में आज का सुविचार है:
आज का सुविचार
“बीते कल का अफसोस और आने वाले कल की चिंता, दोनों ऐसे चोर हैं जो हमारी आज की खूबसूरती चुरा लेते हैं”
आज का यह सुविचार जीवन के गूढ़ रहस्य को बेहद सरल शब्दों में समझाता है। इंसान अकसर या तो अपने अतीत की गलतियों में उलझा रहता है या भविष्य की अनिश्चितताओं को लेकर परेशान रहता है। इसी चक्कर में वह अपने आज को खुलकर जी ही नहीं पाता।
बीते हुए कल को बदला नहीं जा सकता। जो समय गुजर गया, वह केवल याद बनकर रह जाता है। लेकिन कई लोग अपनी पुरानी गलतियों, टूटे रिश्तों या अधूरे सपनों का बोझ हमेशा अपने दिल में उठाए रखते हैं। वे बार-बार सोचते हैं कि काश ऐसा न हुआ होता या अगर मैंने वो फैसला न लिया होता…। यह अफसोस धीरे-धीरे इंसान की खुशी छीनने लगता है।
दूसरी तरफ, आने वाले कल की चिंता भी इंसान को चैन से जीने नहीं देती। करियर कैसा होगा, रिश्ते टिकेंगे या नहीं, पैसे पर्याप्त होंगे या नहीं..ऐसी अनगिनत चिंताएं मन को थका देती हैं। भविष्य की फिक्र में लोग वर्तमान की छोटी-छोटी खुशियों को महसूस करना भूल जाते हैं।
असल में जिंदगी केवल आज में होती है। न बीता हुआ कल हमारे हाथ में है और न आने वाला कल पूरी तरह हमारे नियंत्रण में। हमारे पास सिर्फ यह पल है, जिसे खूबसूरत बनाया जा सकता है।
यह विचार हमें सिखाता है कि जिंदगी का आनंद लेने के लिए अतीत से सीख जरूर लें, लेकिन उसमें कैद न रहें। भविष्य की तैयारी करें, लेकिन उसकी चिंता में खुद को खो न दें। क्योंकि जब इंसान वर्तमान में जीना सीख लेता है, तभी उसे असली सुकून और खुशी मिलती है।
