Miss world 2024: मिस वर्ल्ड की वजह से कंगाली तक पहुंच गए थे अमिताभ बच्चन, उसके दो साल पहले ही बहू ने जीता था ताज

71st Miss World 2024: मिस वर्ल्ड 2024 का आगाज हो चुका है। भारत में पहली बार हुए मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का जमकर विरोध हुआ था। विरोध इतना हिंसक था कि एक शख्स ने आत्मदाह कर लिया था।

Miss World 2024: मिस वर्ल्ड 2024 का आगाज हो चुका है। 18 फरवरी से 9 मार्च तक अलग-अलग एक्टिविटीज के जरिए नई विश्व सुंदरी का चुनाव किया जाएगा। 9 मार्च को पता चल जाएगा कि अगली मिस वर्ल्ड कौन हैं। फिलहाल मिस वर्ल्ड का ताज पोलैंड की करोलिना बिलावस्का के पास है। इस प्रतियोगिता में भारत की ओर से मिस इंडिया सिनी शेट्टी हिस्सा ले रही हैं।

Miss World 2023

Miss World 2024: 28 साल बाद फिर से भारत में मिस् वर्ल्ड प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है।

भारत कर रहा मेजबानी

इस बार मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की मेजबानी भारत कर रहा है। भारत की राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इस ब्यूटी कॉन्टेस्ट का आगाज हो चुका है। 9 मार्च को मुंबई के जियो कन्वेंशन सेंटर में मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का फाइनल होगा। वहीं पता चलेगा कि इस बार के मिस वर्ल्ड का ताज किसके सिर सजेगा।

भारत में दूसरी बार हो रहा मिस वर्ल्ड का आयोजन

भारत मिस वर्ल्ड ब्यूटी कॉन्टेस्ट की मेजबानी दूसरी बार कर रहा है। इससे पहले साल 1996 में भारत में मिस वर्ल्ड का आय़ोजन हुआ था। यह आयोजन कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में हुआ था। उस साल ग्रीस की सुंदरी इरीन स्किलीवा के सिर मिस वर्ल्ड का ताज सजा था। ब्राजील की सुंदरी दूसरे नंबर पर रही थीं।

1996 में जमकर हुआ था विरोध

भारत में पहली बार हुए मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का जमकर विरोध हुआ था। विरोध इतना हिंसक था कि एक शख्स ने आत्मदाह कर लिया था। बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। कई अलग-अलग समूह औऱ तबके के लोगों ने भारत में इस प्रतियोगिता का विरोध किया था।

क्या थी विरोध की वजह

कुछ दक्षिणपंथी समूहों ने इसे भारतीय संस्कृति पर हमला बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। ऐसे लोगों का मानना था कि इस तरह की प्रतियोगिताएं भारतीय संस्कृति को लुप्त करेंगी और पश्चिमी सभ्यता देश पर हावी होगी। इसी विरोध के चलते प्रतियोगिता के स्विमसूट राउंड को सेशेल्स द्वीप समूह पर शूट करना पड़ा था।

वामपंथियों को भी थी दिक्कत

वामपंथियों ने भी इस प्रतियोगिता का विरोध किया था। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन पर सवाल उठाते हुए पूछा था कि भारतीय महिलाओं और कामगारों के लिए वैश्वीकरण और फ्री मार्केट के क्या मायने हैं। उनका कहना था कि इस तरह के आयोजन की जगह देश को गरीबी औऱ महिलाओं के सशक्तिकरण के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

नारीवादियों की आपत्ति

कई नारीवादी समूहों ने भी इस ब्यूटी कॉन्टेस्ट को महिलाओं को अपमानित करने वाला बताते हुए विरोध किया था। इन संगठनों ने विरोध स्वरूप एक नकली प्रतियोगिता का ही आयोजन कर दिया जिसमें 'मिस पॉवर्टी', 'मिस होमलेस' और 'मिस लैंडलेस' का चुनाव कर ताज पहनाया गया था।

अमिताभ बच्चन हो गए थे कंगाल

इतने विरोध के बाद भी आखिरकार मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का आयोजन भारत में किया गया। आयोजन का जिम्मा अमिताभ बच्चन की कंपनी एबीसीएल ने लिया था। इस चर्चित इवेंट के आयोजन के बाद अमिताभ बच्चन की आर्थिक हालत बेहद खराब हो गई थी। उनकी कंपनी डूब गई। नौबत ये आ गई थी कि अमिताभ बच्चन पर करोड़ों का कर्ज हो गया और घर-बार तक बेचने की नौबत आ गई थी। आगे चलकर मिस वर्ल्ड 1994 का खिताब जीतने वालीं ऐश्वर्या राय ही उनकी बहू बनीं।

End of Feed