Hindi Diwas 2024 Date, History And Importance: आज देशभर मेंहिंदी दिवस या राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाया जा रहा है। हर साल ये 14 सितंबर को ही मनाया जाता है। यह दिन हिंदी भाषा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए सेलिब्रेट किया जाता है। हिंदी दिवस उस दिन की याद दिलाता है जब हिंदी को राष्ट्र की आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाया गया था। इस खास मौके पर स्कूलों, कॉलेजों और दफ्तरों में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। हिंदी दिवस के अवसर पर, भारत के प्रधानमंत्री ने एक बार कहा था कि हिंदी भाषा ने विश्व स्तर पर भारत को विशेष सम्मान दिलाया है और इसकी सादगी और संवेदनशीलता लोगों को आकर्षित करती रहती है। आइये जानते हैं कि इस दिन का क्या इतिहास है और इस साल की थीम क्या है।
हिंदी दिवस का इतिहास
राष्ट्रीय हिंदी दिवस का इतिहास 14 सितंबर, 1949 से जुड़ा है। 1949 में भारत की संविधान सभा द्वारा हिंदी को आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाया गया था। भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने इस दिन हिंदी दिवस मनाने का फैसला किया। पहला हिंदी दिवस 1953 में मनाया गया था और तब से हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाने लगा।
हिंदी दिवस 2024 थीम
हर साल हिंदी दिवस एक खास थीम के साथ सेलिब्रेट किया जाता है। आप में से कई लोग सोच रहे होंगे कि इस बार हिंदी दिवस 2024 की थीम क्या होगी। तो आपको बता दें कि इस साल के थीम को लेकर अभी तक कोई भी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
हिंदी दिवस का महत्व
जिस देश में कई भाषाएं बोली जाती है उस देश में बातचीत को सरल बनाने के लिए हिंदी को मुख्य आधिकारिक भाषा के रूप में चुना गया। कई लेखकों, कलाकारों और कार्यकर्ताओं ने हिंदी को देश की आधिकारिक भाषा बनाने के लिए अभियान चलाया। साथ ही इस दिन का एक मुख्य उद्देश्य देश में हिंदी भाषा के महत्व को बताना और इसके चलन को बढ़ाना है। क्योंकि इन दिनों ज्यादातर लोग अंग्रेजी भाषा को ज्यादा प्रथमिकता देने लगे हैं।
