Janmashtami 2024 Special Recipes (जन्माष्टमी रेसिपी): कान्हा जी के भक्त सालभर श्रीकृष्ण के जन्मदिन यानी जन्माष्टमी का इंतजार करते हैं। इस साल 26 अगस्त को जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जा रहा है। ये खास दिन कृष्ण भक्तों के लिए सबसे खास होता है। इस दिन कान्हा का दरबार सजता है, घर-आंगन और मंदिर सजते हैं। साथ ही तरह-तरह के पकवान भी बनाए जाते हैं। ये सारे ही पकवान लड्डू गोपाल के पंसद के होते हैं। आप चाहें तो इन्हें भोग या प्रसाद के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। आज हम पर आपको श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के सबसे खास 3 पकवानों की रेसिपी बता रहे हैं।
Shree Krishna Janmashtami Recipes, Krishna Jayanthi Thali Recipe, Janmashtami Bhog Prasad Recipe In Hindi-
1) पंजीरी (Panjiri Recipe)
पंजीरी बनाने के लिए आपको 2 कप गेहूं का आटा लें और उसे छान लें। अब एक कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें 1 कप भरकर घी डाल दें। जब घी पिघल जाए तो इसमें आटा डाल दें और इसे हल्की गैस पर लगातार चलाते हुए भून लें। जब आटा भुन जाएगा तो खुशबू आने लगेगी। आटे का रंग हल्का ब्राउन सा हो जाए तो गैस बंद कर दें और समझ लें कि आटा भुन गया है। अब कड़ाही से आटा निकाल लें और इसी कड़ाही में 1 चम्मच घी और डालें। इसमें काजू, बादाम को काटकर और खरबूजे के बीज डालकर हल्का सुनहरा भून लें। फिर इसमें आधा चम्मच इलायची का पाउडर भी मिक्स कर लें। तैयार है कृष्ण जन्माष्टमी के भोग के लिए स्वादिष्ट पंजीरी जिसे आप पंचामृत के साथ भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगा सकते हैं और खुद भी खा सकते हैं।
2) गोपालकाला (Gopalkala Recipe)
मोटे पोहा को बहते पानी के नीचे एक छलनी में धोकर शुरू करें। जब पानी को पूरी तरह से निथार लें और इसे नरम होने के लिए अलग रख दें। अब एक बड़े मिक्सिंग बाउल में, नरम पोहा, दही, कसा हुआ नारियल, कटा हुआ खीरा, हरी मिर्च, भुनी हुई मूंगफली और धनिया पत्ता डालें. अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद एक छोटे पैन में घी गरम करें। इसमें जीरा, राई और करी पत्ता डालें. कुछ सेकंड के लिए इन्हें चटकने दें। तड़के को पोहा मिश्रण पर डालें. स्वादानुसार चीनी और नमक डालें। फिर सभी सामग्री समान रूप से मिलने तक सब कुछ अच्छी तरह मिलाएं। गोपालकला को ताजे अनार के दानों और धनिया पत्ती से सजाएं। खाने से पहले इसे भगवान कृष्ण को भोग के रूप में चढ़ाएं।
3) पंचमेवा पाग (Panchmewa Paag)
पंचमेवा पाग बनाने के लिए आप सबसे पहले एक कढ़ाही में घी डालकर गरम करें। फिर घी के गरम होने पर इसमें मखाने अच्छे गोल्डन ब्राउन होने तक सेक लें। फिर सिके हुए मखानों को प्लेट में निकालें। अब गोंद तलने के लिए गैस बंद करके घी को हल्का ठंडा करें। फिर मीडियम गरम घी में गोंद को सेक लें। अच्छे से सिकने के बाद गोंद को एक प्लेट में निकाल लें। अब घी में बादाम डालकर मीडियम आंच पर हल्के डार्क और फूलने तक भूनें। बादाम के फूलते और रंग में बदलाव आने पर गैस बंद कर दें और इसे भी एक प्लेट में निकाल लें। फिर खरबूजे के बीज को भी हल्के गरम घी में सेक लें। इसी के साथ इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल और खसखस डाल लें।सारी चीजों को मिलाते हुए कम आंच पर भूनिए। सारी चीजों को भूनने के बाद चाशनी तैयार करें। इसके लिए कढ़ाही में चीनी और पानी डालें। चीनी को पानी में पूरी तरह से घुलने तक पकाएं। अब भूनी हुई मेवा ठंडी हो जाए तब इन्हें हल्का तोड़ें। अब चाशनी चैक करें, अगर इसका लंबा तार बनता है तो चाशनी तैयार है। इस पाग को जमाने के लिए थालियों में घी लगाकर चिकना कर लें। फिर तैयार चाशनी में मेवे डालें। इसमें इलाइची पाउडर डालकर मिला लें। धीमी आंच पर इस मिक्स को पकाएं। मिक्स को जमने के लिए थालियों में डालकर फैलाएं। ठंडा होने के बाद इसे टुकड़ों में काट लें। पाग तैयार है।
