Pluto Moon: चंद्रमा की बात आती है तो लोग सोच में पड़ जाते हैं, क्योंकि लोगों को सिर्फ एक ही चंदा मामा दिखाई देते हैं, लेकिन क्या सिर्फ एक ही हैं? ऐसा नहीं है। हमारे सौरमंडल में 293 चंद्रमा है, पर पृथ्वी के पास सिर्फ एक है, जिसे हम रात के वक्त आसमान में सिर उठाकर निहारते हैं। खैर, चंद्रमाओं की बात हो रही है तो बात करेंगे प्लूटो के सबसे बड़े चंद्रमा 'चारोन' की।
प्लूटो का सबसे बड़ा चांद चारोन
NASA ने जारी की तस्वीर
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने 9 साल पहले न्यू होराइजन्स अंतरिक्ष यान की मदद से कैप्चर किए गए 'चारोन' चंद्रमा की हाई रेजोल्यूशन तस्वीर जारी की है। इस तस्वीर में चारोन चंद्रमा की उबड़-खाबड़ सतह दिखाई दे रही है। साथ ही उत्तरी ध्रुव पर मौजूद लाल रंग का निशान अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। यह तस्वीर अंतरिक्ष प्रेमियों को खासा पसंद आने वाली है।
प्लूटो के पास कितने चंद्रमा हैं?
कभी सौरमंडल का बाहरी ग्रह माना जाने वाला प्लूटो अपने चंद्रमाओं की वजह से चर्चा में रहता है। प्लूटो के पांच चंद्रमाओं में 'चारोन' सबसे बड़ा चंद्रमा या कहें उपग्रह है। 'चारोन' पृथ्वी के 6.4 दिनों में अपने ग्रह प्लूटो की परिक्रमा करता है। आकार में 'चारोन' प्लूटो का लगभग आधा है। प्लूटो लगभग 1400 मील चौड़ा है, जबकि चारोन 754 मील चौड़ा है।
बकौल नासा, चारोन की तस्वीरें आश्चर्यजनक रूप से जटिल और उग्र इतिहास को दर्शाती हैं। कई न्यू होराइजन्स विज्ञानियों को उम्मीद थी कि चारोन एक उबाने वाला, गड्ढों से भरा हुआ एक संसार होगा, लेकिन चारोन तो पहाड़ों, घाटियों, भूस्खलन, भिन्न सतहों से भरा हुआ है।
भूवैज्ञानिकों को लगता है कि चारोन का अतीत काफी उथल-पुथल भरा रहा होगा। सबसे ज्यादा उत्तरी ध्रुवीय क्षेत्र में स्थित लाल रंग ध्यान आकर्षित करता है, जिसे अनौपचारिक तौर पर मोर्डोर मैक्युला कहा जाता है।
कहां स्थित है प्लूटो?
प्लूटो एक बौना ग्रह है और पहले इसे सौरमंडल का बाहरी ग्रह माना जाता था, लेकिन यह नेपच्यून से परे हमारे सौरमंडल के एक दूर क्षेत्र में स्थित है, जिसे कुइपर बेल्ट कहा जाता है।
