World Bicycle Day : केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, खेल एवं युवा मंत्री मनसुख मांडविया ने देश के युवाओं से 'साइक्लिंग' को अपने जीवन का अहम हिस्सा बनाने की अपील की है। 'साइक्लिंग' के महत्व पर जोर देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह केवल एक व्यायाम या एक दिन की हॉबी नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त जीवनशैली की पहचान है। यह हमें फिट रखती है, शरीर को ऊर्जावान बनाती है और मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर करती है। उन्होंने कहा कि 'साइक्लिंग' हमारी दैनिक आदत में शामिल होनी चाहिए क्योंकि यह हमारे स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण को सुरक्षित रखने का सबसे सस्ता, सुंदर और टिकाऊ माध्यम है।
'संडे ऑन साइकिल' के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया। -फाइल पिक्चर
साइकिल के उपयोग से कम होगा प्रदूषण-मांडविया
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि जितना अधिक हम साइकिल का उपयोग करेंगे, उतना ही प्रदूषण कम होगा और पेट्रोल-डीजल की बचत के माध्यम से देश को भी लाभ मिलेगा। आज वैश्विक चुनौतियों के इस दौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से पेट्रोल-डीजल वाले वाहनों पर निर्भरता कम करने का आग्रह किया है। ऐसे में 'साइक्लिंग' एक प्रभावी और सकारात्मक समाधान बनकर सामने आती है।
'संडे ऑन साइकिल' जैसे अभियानों ने नई गति दी
उन्होंने कहा कि 'प्रधानमंत्री मोदी के 'फिट इंडिया मूवमेंट' को 'संडे ऑन साइकिल' जैसे अभियानों ने नई गति दी है। देशभर के लाखों युवा इसमें बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं और इस अभियान को जनांदोलन बना रहे हैं। आप सभी साथियों का जो स्नेह, समर्थन और ऊर्जा इस अभियान को मिल रही है, उसके लिए मैं हृदय से आपका धन्यवाद करता हूं।'
'फिट इंडिया एप' पर रजिस्टर करने की अपील
मांडविया ने कहा कि 'आने वाले रविवार को पूरे देश में 'संडे ऑन साइकिल' का आयोजन 'वर्ल्ड बाइसाइकिल डे' को समर्पित होगा। मैं देश के सभी युवाओं से आग्रह करता हूं कि वे इसमें उत्साहपूर्वक भाग लें और स्वयं को 'फिट इंडिया एप' पर रजिस्टर करें और अपने मित्रों एवं परिवारजनों को भी इससे जोड़ें। आइए, आज 'वर्ल्ड बाइसाइकिल डे' के अवसर पर हम सभी संकल्प लें कि 'साइक्लिंग' को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे और एक फिट, स्वस्थ, तथा विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे।'
