पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी ने आज राज्य विधानसभा में बड़ा एलान किया है। उन्होंने राज्य में पुलिस बल को मजबूत करने के लिए बड़ी भर्ती का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में 26,000 पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती की जाएगी। इनमें से 16,000 अभ्यर्थियों को दुर्गा पूजा से पहले नियुक्ति पत्र दे दिए जाएंगे।
सुवेंदु अधिकारी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा पुलिस बल में रिक्त पदों को तेजी से भरने के लिए प्रतिबद्ध है।
इतना ही नहीं विधानसभा में बोलते हुए सुवेंदु ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पिछले शासन पर पुलिस का राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि TMC सरकार ने पुलिस का राजनीतिकरण किया और उनकी सरकार ऐसे किसी भी प्रयास के खिलाफ है और कानून के शासन के प्रति प्रतिबद्ध है।
लंबित कैग रिपोर्ट 25 जुलाई को विधानसभा में होगी पेश- शुभेंदु अधिकारी
इसके साथ ही पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार 25 जुलाई को विधानसभा में कैग की सभी लंबित रिपोर्ट पेश करेगी और जहां भी ऑडिट में भ्रष्टाचार की बात सामने आएगी, वहां प्राथमिकी दर्ज करने की सिफारिश करेगी, भले ही उसमें शामिल लोगों का पद और कद कितना भी ऊंचा क्यों न हो।बजट सत्र के दौरान विधानसभा में शुभेंदु अधिकारी ने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि उसने वर्षों तक अनिवार्य कैग और लोकायुक्त रिपोर्ट सदन के समक्ष पेश नहीं कीं। उन्होंने इसे विधायी जवाबदेही का गंभीर उल्लंघन बताया।
पिछली सरकार पर बोला हमला
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर कई संवैधानिक और कानूनी संस्थाओं को निष्क्रिय रखकर उन्हें निष्क्रिय बना देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने इस सिलसिले में राज्य मानवाधिकार आयोग, महिला आयोग, बाल अधिकार संरक्षण आयोग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग तथा राज्य सूचना आयोग जैसी संस्थाओं का नाम लिया, जिनकी कथित तौर पर अनदेखी की गई थी।
