LIVEWeather Forecast: गुजरात के नवरासी में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, महाराष्ट्र में ऑरेंज अलर्ट

Weather Forecast: गुजरात के नवरासी में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, महाराष्ट्र में ऑरेंज अलर्ट
Weather Forecast: मध्य प्रदेश में भी बारिश से हाहाकार की नौबत देखने को मिली है। बारिश के बाद उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के आसपास पानी इस कदर जमा हो गया था कि वह मंदिर प्रांगण के अंदर जा घुसा। इस बीच, कलेक्टर ने स्कूलों की छुट्टी का ऐलान कर दिया। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में एचआरटीसी की बस पर लैंडस्लाइड की खबर है। हादसे में पांच लोग जख्मी हो गए, जबकि मनाली में ब्यास नदी में बहने की वजह से आठ जुलाई को घूमने पहुंचे तीन लोग बह गए। ये नौ और 10 जुलाई को ब्यास नदी में बाढ़ की सूचना के बाद से लापता थे। हालांकि, इनमें से दो शव बरामद कर लिए गए हैं, मगर एक अभी भी लापता हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने अपडेट देते हुए बताया है कि उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल में अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है और इस दौरान आंधी-तूफान और गर्जना भी हो सकती है।
महाराष्ट्र के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
IMD ने महाराष्ट्र के पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है।
आनंदनगर तांडा में बाढ़ के पानी में फंसे 45 लोग
यवतमाल जिले के महागांव तालुका के आनंदनगर तांडा में बाढ़ के पानी के कारण करीब 40-45 लोग फंसे हुए हैं। कुछ ही समय में भारतीय वायु सेना के 2 हेलीकॉप्टर नागपुर पहुंचेंगे और फंसे हुए नागरिकों को निकालने के लिए तुरंत महागाव के लिए रवाना होंगे। यहां करीब 231 मिमी बारिश हुई है। राज्य सरकार स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
दिल्लीः अब कैसा है यमुना का हाल?
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर शनिवार को खतरे के निशान से नीचे आ गया जो पिछले कुछ दिनों से खतरे के निशान 205.33 मीटर के आसपास बना हुआ था। हालांकि, उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में ताजा भारी बारिश की सूचना मिली है और इससे नदी के जल स्तर में फिर से वृद्धि हो सकती है। जलस्तर बढ़ने से दिल्ली के बाढ़ प्रभावित निचले इलाकों में पुनर्वास प्रयासों में और देरी हो सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 25 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी से अत्याधिक भारी बारिश की आशंका जताई है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह नौ बजे जलस्तर गिरकर 205.29 मीटर पर आ गया जो शुक्रवार शाम छह बजे 205.34 मीटर पर था। अन्य राज्यों में ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश का प्रभाव स्पष्ट होने से पूर्व इसमें और गिरावट आ सकती है। सीडब्ल्यूसी के आंकड़ों के अनुसार, यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज से जल बहाव सुबह नौ बजे 1.47 लाख क्यूसेक था जो 13 जुलाई से सर्वाधिक है। बांधों, नदियों और लोगों पर दक्षिण एशिया नेटवर्क के सह समन्वयक भीम सिंह रावत ने कहा, "ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश कम हो रही है और हथिनीकुंड बैराज से पानी का बहाव 3 लाख क्यूसेक के निशान को पार नहीं करना चाहिए। सीडब्ल्यूसी हाइड्रोग्राफ में बाटा नदी को छोड़कर पहाड़ी इलाकों में नदियों के जलस्तर में अधिक वृद्धि नहीं दिखी है।"
गुजरातः नवसारी में बारिश के बाद जलभराव
अंबाला में फिर से मंडराया बाढ़ का खतरा
पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के चलते टांगरी नदी में जल स्तर बढ़ गया। इस बीच, अंबाला में लोगों को प्रशासन की तरफ से लोगों को अनाउंसमेंट करके सचेत किया गया। टांगरी नदी में 15000 क्यूसेक पानी आने की संभावना है। जल्द ही इस पानी के अंबाला छावनी पहुंचने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेशः नेशनल हाईवे थ्री के पास खाई में गिरी कार, तीन की मौत
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे-थ्री पर स्वारघाट के पास दिल्ली नंबर कार गहरी खाई में गिरी गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। सूत्रों के हवाले से बताया गया कि कार अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क कर करीब 500 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
महाराष्ट्रः भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हुई
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के इरशालवाड़ी गांव से दो और शव बरामद, भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हुई। यह जानकारी शनिवार को एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को दी।
दिल्ली में सुबह धूप खिली, दिन में हल्की बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह धूप खिली और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में दिन में हल्की बारिश होने के आसार हैं और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। विभाग के अनुसार, शहर में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 75 फीसदी दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़े के मुताबिक, दिल्ली में शनिवार सुबह नौ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 97 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
तेलंगानाः मेडचल में रिहायशी इलाके में भरा पानी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
तेलंगाना के मेडचल में भी भारी बारिश से स्थानीय लोगों को बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ा। विभिन्न इलाकों में लोगों को घरों में पानी घुस गया और पुलिस और रेस्क्यू टीम ने इस दौरान बीमार, बुजुर्ग, महिलाओं और बच्चों को निकाला।
महाराष्ट्रः भिवंडी और बुलढाना में बारिश के बाद हाहाकार!
महाराष्ट्र के भिवंडी में शनिवार (22 जुलाई, 2023) को बारिश की वजह से कई जगह हालात बेहद खराब नजर आए। सुबह से पानी गिरने की वजह से लोगों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ा। बुलढाना में भी बाढ़ जैसे हालात देखने को मिले और इस दौरान कई घरों में पानी भर गया था।
दिल्लीः बढ़ी चिंता, फिर बढ़ा यमुना का जल स्तर
उत्तरकाशीः यमुना घाटी में हुई भारी बारिश से जगह-जगह नुकसान
उत्तरकाशी में कल रात यमुना घाटी में हुई भारी बारिश से जगह-जगह नुकसान हुआ और जलभराव की स्थिति पनप गई। गंगनानी में भारी बारिश के कारण मलबा आने से कई गाड़ियां दबी सड़क पर आया भारी मलबा। बारिश और भूस्खलन के कारण यमुनोत्री नेशनल हाईवे धरासू बंद कर दिया गया। भारी बारिश के कारण अस्थाई होटलों (टेंट कॉलोनी )को भी नुकसान हुआ।
MP: उज्जैन के महाकाल मंदिर में यूं भरा पानी
मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में इस कदर पानी भर गया, जिसके बाद भक्तों को थोड़ी असुविधा हुई।
दिल्ली में अगले दो दिन बारिश की संभावना नहीं : मौसम विभाग
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार को एक बुलेटिन में कहा कि दिल्ली में अगले दो दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत से तीन डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुलेटिन में कहा गया कि शाम 5.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 54 प्रतिशत थी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, बृहस्पतिवार को 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 93 दर्ज किया गया जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
गोवा में भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
गोवा में मूसलाधार बारिश शुक्रवार को भी जारी रहने के कारण कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई और मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उत्तरी गोवा और दक्षिण गोवा जिलों के नियंत्रण कक्ष स्थिति पर नजर रखने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा ''पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण राज्य के निचले क्षेत्रों को बाढ़ जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।'' उत्तरी गोवा में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पणजी केंद्र ने इस साल एक जून से 1,780.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है, जबकि दक्षिण गोवा में मॉरमुगाव केंद्र ने 1,656.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है।
राजस्थानः जोधपुर में भी बाढ़ जैसे हालात
राजस्थान के जोधपुर में भी बारिश से बाढ़ जैसे हालात नजर आए। हैरत की बात है कि एक घंटे की बारिश से देर रात हालात बिगड़ गए। भीतरी शहर में सड़कों पर तीन फुट तक पानी का बहाव देखने को मिला। यह भी खबर है कि पानी के तेज बहाव में एक युवक गिर गया था, जिसके बाद लोगों ने उसे बचाया। सैकड़ों दोपहिया वाहन भी पानी के बहाव में जाते दिखाई दिए, जिससे आम लोगों को खासा परेशानी हुई।
J&K: रामबन में भी हुई लैंडस्लाइड
मुंबई भी हुई पानी-पानी!
महाराष्ट्र के मुंबई शहर में कई इलाकों में बीती रात भारी बारिश हुई। यही वजह है कि विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों का तालाब जैसा हाल नजर आया और चेंबूर में भी जलभराव ने लोगों के लिए समस्या खड़ी की।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने सौराष्ट्र में बारिश प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने भारी बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए शुक्रवार को जूनागढ़ और पास के गिर सोमनाथ जिले के कुछ हिस्सों का हवाई सर्वेक्षण किया। एक सरकारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है। पिछले एक हफ्ते से राज्य के सौराष्ट्र क्षेत्र के जूनागढ़, राजकोट, पोरबंदर, भावनगर, जामनगर, गिर सोमनाथ और देवभूमि द्वारका जिलों के कई हिस्सों में मूसलाधार वर्षा हुई है, जिससे गांवों और कस्बों में जलभराव हो गया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि पटेल ने मांगरोल, गिर, तलाला, मालिया हटिना और जूनागढ़ तथा गिर सोमनाथ जिलों के आसपास के अन्य क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया, जो जलभराव के कारण प्रभावित हुए हैं। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र में भारी बारिश के कारण उत्पन्न मौजूदा स्थिति की समीक्षा के लिए जूनागढ़ शहर में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की।
महाराष्ट्र: पालघर में बारिश से संबंधित घटनाओं में दो लोगों की मौत
महाराष्ट्र के पालघर में पिछले 24 घंटों में बारिश से संबंधित घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई है। नगर निकाय के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि वसई शहर में शुक्रवार शाम को नाले में गिरने से 50 वर्षीय शांताराम वायदा नामक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि सोतावाडी इलाके में गिरिज के ब्रायन कार्वाल्हो (44) नामक व्यक्ति बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे नाले में गिर गया और कुछ समय बाद उसे वहां से निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।कदम ने बताया कि इलाज के दौरान बृहस्पतिवार रात 10 बजे उसकी मौत हो गई।