BBC offices survey : दिल्ली और मुंबई स्थित BBC के कार्यालयों पर आय कर विभाग के सर्वे एवं तलाशी पर अमेरिका ने बयान दिया है। अमेरिका ने मंगलवार को कहा कि उसे इस सर्वे की जानकारी है। विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने मीडिया के एक सवाल के जवाब में कहा कि उनका देश दुनिया भर में प्रेस की आजादी का समर्थन करता है। प्रवक्ता ने इस सर्वे के बारे में और जानकारी के लिए भारत के संबंधित अधिकारियों से सवाल करने को कहा।
दिल्ली एवं मुंबई स्थित बीबीसी दफ्तरों पर आईटी ने की कार्रवाई।
वित्तीय लेन-देन की जांच कर रहा आईटी
बता दें कि आयकर विभाग की टीमें मंगलवार सुबह दिल्ली के केजी मार्ग और मुंबई के सांताक्रूज स्थित बीबीसी के दफ्तर पहुंचीं और वहां सर्वे का काम शुरू किया। मीडिया में सूत्रों के हवाले से कहा गया कि ये सर्वे कर नियमों के उल्लंघन की जांच के सिलसिले में हो रहा है। वहीं, इस सर्वे पर बीबीसी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वह जांच टीम का सहयोग करेगी। समझा जाता है कि आईटी की टीम बीबीसी के वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
#WATCH | We are aware of the search of BBC offices in Delhi by Indian tax authorities. I would say more broadly tha… t.co/5Y3ujFAqIO
— ANI (@ANI) Feb 14, 2023
बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर विवाद
आईटी का यह सर्वे ऐसे समय हुआ है जब कुछ दिनों पहले बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर विवाद हुआ है। बीबीसी ने गोधरा दंगे और पीएम नरेंद्र मोदी पर एक डॉक्यूमेंट्री बनाई है। इस पर विवाद हो गया है। भारत सरकार ने इस डॉक्यूमेंट्री को देश की संप्रभुता को कमजोर करने वाला बताया है। साथ ही इसे भारत में दिखाए जाने पर प्रतिबंधित किया है। 'इंडिया : द मोदी क्वेश्चन' नाम की डॉक्यूमेंट्री गत 21 जनवरी को रिलीज हुई। डॉक्यूमेंट्री पर बैन का यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा है। कोर्ट ने सरकार से बैन से जुड़े उसके फैसले के मौलिक दस्तावेज मांगे हैं।
