UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में सियासी पारा बढ़ता जा रहा है। इसी बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज, 16 अक्टूबर 2026 को लखनऊ स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। बीजेपी उत्तर प्रदेश मीडिया की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, राजनाथ सिंह सुबह 10 बजे मीडिया को संबोधित करेंगे। इस बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर तंज कसा है। उन्होंने इसे सत्ता पक्ष की ओर से होने वाली बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस बताते हुए लखनऊ की राजनीतिक कमान को लेकर सवाल उठाए हैं।
राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना। PTI
अखिलेश यादव ने कसा तंज
अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि ऐसा लगता है कि ‘लखनऊ एक्सप्रेस’ का इंजन फेल हो गया है। इसी वजह से दिल्ली के इंजन ने अंदरखाने लखनऊ की कमान किसी दूसरे को सौंपने का फैसला कर लिया है। उनके मुताबिक, यह प्रेस कॉन्फ्रेंस केवल दिखावा है और असली मकसद लखनऊ के इंजन को कबाड़ साबित करके उसे हमेशा के लिए हटाना है।
अखिलेश यादव ने सवाल उठाते हुए कहा, “अब लखनऊ की जनता की रक्षा कौन करेगा?” उनके इस बयान को लखनऊ में बीजेपी के भीतर नेतृत्व और राजनीतिक समीकरणों को लेकर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।
सुबह 10 बजे बीजेपी कार्यालय में होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
बीजेपी यूपी मीडिया की ओर से साझा की गई सूचना के मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार, 16 अक्टूबर को सुबह 10 बजे लखनऊ स्थित राज्य बीजेपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। पार्टी की ओर से पत्रकारों से कार्यक्रम को कवर करने का अनुरोध किया गया है।
फिलहाल, प्रेस कॉन्फ्रेंस में किन मुद्दों पर चर्चा होगी और राजनाथ सिंह किन सवालों के जवाब देंगे, इसकी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। ऐसे में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके बयानों और संभावित राजनीतिक संदेश पर नजर रहेगी।
राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले अखिलेश यादव की टिप्पणी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। हालांकि, अखिलेश ने अपने बयान में किसी का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिया है, लेकिन ‘लखनऊ एक्सप्रेस’, ‘दिल्ली का इंजन’ और नेतृत्व की कमान किसी दूसरे को सौंपने जैसे संदर्भों के जरिए उन्होंने बीजेपी के राजनीतिक समीकरणों पर निशाना साधा है।
