बेबी फूड के डिब्बों में नशीला पदार्थ छिपाकर तस्करी करने वाली युगांडा की एक महिला को अदालत ने 10 साल की कठोर कैद की सजा सुनाई है। महिला के पास से 995 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुई थी। उसने इस ड्रग्स को नेस्ले के सेरेलैक बेबी फूड के दो डिब्बों में छिपाकर रखा था। कर्नाटक के धारवाड़ स्थित प्रिंसिपल सेशन कोर्ट ने आरोपी एग्नेस नाग्गायी को दोषी ठहराते हुए 1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
यूगांडा की महिला को 10 साल की सजा
हुबली रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की थी
NCB के मुताबिक, 6 जनवरी 2022 को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर एजेंसी की बेंगलुरु जोनल यूनिट की टीम ने हुबली रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की थी। आरोपी महिला दिल्ली से ट्रेन के जरिए हुबली पहुंची थी। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद सफेद कपड़े के बैग से दो सेरेलैक के डिब्बे मिले। इन डिब्बों के अंदर 995 ग्राम मेथामफेटामाइन छिपाकर रखी गई थी। NDPS एक्ट के तहत इस ड्रग्स की 50 ग्राम मात्रा ही कमर्शियल क्वांटिटी मानी जाती है। ऐसे में बरामदगी तय सीमा से काफी ज्यादा थी। पूछताछ के दौरान महिला से मिली जानकारी के आधार पर युगांडा के ही एक अन्य 30 वर्षीय पुरुष को भी इस ड्रग्स की तस्करी में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, अदालत ने उसे बरी कर दिया।
12 नवंबर 2026 को दिए फैसले में अदालत ने एग्नेस नाग्गायी को NDPS एक्ट की धारा 8(c) के साथ 22(c) और 29 के तहत दोषी ठहराया। सजा सुनाते हुए अदालत ने कहा कि आसान पैसा कमाने के लिए आरोपी ने युवा पीढ़ी का भविष्य खराब करने तक की कोशिश की। समाज का हित किसी एक व्यक्ति के हित से ऊपर है। अदालत ने यह भी ध्यान दिया कि महिला वैध वीजा के बिना भारत में रह रही थी।
बरी हुए आरोपी को वापस भेजने की तैयारी
NCB के मुताबिक, इस मामले में बरी हुआ दूसरा आरोपी भी फर्जी वीजा के आधार पर भारत में अवैध रूप से रह रहा था। अब NCB ने FRRO के साथ मिलकर उसे उसके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल उसे डिटेंशन सेंटर में रखा गया है, ताकि भारत से वापस भेजे जाने तक वह दोबारा किसी नशे की तस्करी में शामिल न हो सके। NCB का कहना है कि नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विदेशी नागरिकों के ड्रग्स तस्करी में शामिल होने के मामलों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
