Tahawwur Rana in NIA custody : मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक तहव्वुर राणा को राष्ट्रीय जांच एजेंसी की एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को उसे 18 दिन की NIA की कस्टडी में भेज दिया। हालांकि, जांच एजेंसी ने कोर्ट से 20 दिन की हिरासत मांगी थी। बता दें कि राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर लाया गया है। कानूनी एजेंसियों की टीम गुरुवार शाम स्पेशल फ्लाइट से लेकर उसे दिल्ली आई। दिल्ली पहुंचने पर एनआईए ने उसे गिरफ्तार किया।
अमेरिका से लाया गया है तहव्वुर राणा ।
वाहनों के काफिले में पटियाला हाउस लाया गया
राणा को जेल वैन, बख्तरबंद विशेष वाहन और एक एम्बुलेंस सहित कई वाहनों के काफिले में पटियाला हाउस अदालत में लाया गया। राणा को एनआईए के विशेष न्यायाधीश चंद्रजीत सिंह के समक्ष पेश किया गया। सूत्रों के अनुसार एनआईए ने विभिन्न ईमेल सहित पुख्ता सबूतों का हवाला देते हुए राणा से पूछताछ के लिए 20 दिनों की हिरासत का अनुरोध किया। एजेंसी ने अदालत को बताया कि 2008 के हमलों के पीछे की बड़ी साजिश का पता लगाने के लिए राणा से पूछताछ जरूरी है।
न्यायाधीश ने राणा से पूछा कि क्या उसके पास कोई वकील है
एजेंसी ने अदालत को यह भी बताया कि हमलों की साजिश में उसकी भूमिका की जांच करनी है। एनआईए ने कहा कि आपराधिक साजिश के तहत, आरोपी नंबर एक डेविड कोलमैन हेडली ने भारत आने से पहले राणा के साथ पूरी साजिश (मुंबई आंतकी हमला) पर चर्चा की थी। वरिष्ठ अधिवक्ता दयान कृष्णन और विशेष सरकारी अभियोजक नरेन्द्र मान ने एनआईए का प्रतिनिधित्व किया। कार्यवाही से पहले न्यायाधीश ने राणा से पूछा कि क्या उसके पास कोई वकील है।
राणा को भी मिलेगा वकील
राणा ने जब कहा कि उसके पास कोई वकील नहीं है, तो न्यायाधीश ने उसे बताया कि दिल्ली विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उसे वकील मुहैया कराया जा रहा है। इसके बाद, वकील पीयूष सचदेवा को उसका प्रतिनिधित्व करने के लिए नियुक्त किया गया। दलीलें सुनने के बाद अदालत ने तहव्वुर राणा को 18 दिन की एनआईए की हिरासत में भेज दिया।
