Leh Protest: लेह में BJP दफ्तर में आगजनी के बाद कर्फ्यू, पूर्व डीजीपी बोले-यह लक्षित हमला था, दोषियों पर हो कार्रवाई

लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करके देश के कानून के अनुसार उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गुप्ता ने लद्दाख के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "एहतियाती उपाय के तौर पर कर्फ्यू लगाया गया है। यहां लोगों की जान गई है।

Ladakh Protest: लद्दाख में बुधवार को हुए हिंसक प्रदर्शन में चार लोगों की मौत हुई है जबकि कम से कम 50 लोग घायल हुए हैं। यही नहीं प्रदर्शनकारियों ने लेह में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कार्यालय भी जला दिया। प्रदर्शनकारी लद्दाख को छठवीं अनुसूची में शामिल करने और राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। यह प्रदर्शन बाद में हिंसक हो उठा। प्रदर्शनकारी सुरक्षाकर्मियों पर पत्थरबाजी करने लगे और उन पर काबू पाने के लिए पुलिसकर्मयों की ओर से फायरिंग की गई जिसमें चार लोगों ने जान गंवाई।

leh

लेह में बुधवार को हुआ हिंसक प्रदर्शन । तस्वीर-ANI

लेह जिले में कर्फ्यू लगाया

हिंसा के बाद लेह जिले में कर्फ्यू लगा दिया गया है। लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करके देश के कानून के अनुसार उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गुप्ता ने लद्दाख के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "एहतियाती उपाय के तौर पर कर्फ्यू लगाया गया है। यहां लोगों की जान गई है और मैं उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। और अधिक रक्तपात को रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएंगे।" उपराज्यपाल ने कहा कि किसी भी रूप में हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस और ज़िला प्रशासन को शांति भंग करने और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने के लिए जिम्मेदार सभी तत्वों की पहचान करके उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। गुप्ता ने कहा कि लद्दाख में शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की साजिश के तहत हिंसा भड़काई गई है।

End of Feed