Sonia Gandhi: सोनिया गांधी, अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा से मिलने मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं हैं। दरअसल, पीएम आवास के बाहर धरना दे रहे कांग्रेस सांसदों को हिरासत में लिए जाने के बाद विभिन्न थानों में रखा गया है। प्रियंका गांधी वाड्रा को मंदिर थाना मार्ग में हिरासत में रखा गया है। राहुल गांधी को भी यहीं रखा गया है। इस संबंध में आई तस्वीरों में दिख रहा है कि सोनिया कुछ अधिकारियों से बात करती दिखीं। फिर वह प्रियंका से मिलने अंदर गईं।
मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं सोनिया गांधी
पीएम आवास के बाहर धरना प्रदर्शन
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे मुद्दे पर अब कांग्रेस मोदी सरकार पर हमलावर हो गई है। अपना विरोध प्रदर्शन तेज करते हुए कांग्रेस के नेता पीएम आवास के बाहर धरना प्रदर्शन किया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस के कई सांसद व नेता पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस नेताओं ने प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए पीएम मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने खुद को सांकेतिक हथकड़ी भी लगाई।
जितेंद्र सिंह राहुल से मिलकर बैरंग लौटे
कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा और अन्य सहित कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए लोक कल्याण मार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया। कुछ देर बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी धरनास्थल पहुंच गए। हालांकि, पुलिस ने इन नेताओं को यहां से हटाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से मुलाकात की और उनसे प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन समाप्त करने का आग्रह किया, लेकिन सहमति नहीं बन पाई।
'प्रधानमंत्री इस्तीफा दो' के लगे नारे
प्रधानमंत्री के आवास 7 लोक कल्याण मार्ग के निकट धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं ने यहां 'प्रधानमंत्री इस्तीफा दो', 'गुंडागर्दी नहीं चलेगी' और 'छात्रों को न्याय दो' के नारे लगाए। इस धरने में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, रणदीप सुरजेवाला, पवन खेड़ा और कई अन्य सांसद शामिल हैं। धरना शुरू होने के कुछ देर बाद ही पुलिस ने लोकसभा सदस्य चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, शशिकांत सेंथिल और कई अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस नेताओं ने धरने के दौरान हाथों में हथकड़ियां पहनकर पुलिस द्वारा छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का सांकेतिक रूप से विरोध किया।
राहुल को पुलिस हिरासत में लिया
सरकार के समझाने पर भी जब राहुल नहीं माने तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। राहुल को जब पुलिस धरनास्थल से ले जाने लगी तो राहुल ने इसका विरोध किया और जमीन पर लेट गए। इसके बावजूद पुलिस उन्हें उठाकर ले गई। राहुल के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा, मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद थे जिन्हें पुलिस ने हटाकर बस में बैठा दिया। सपा अध्यक्ष अखिलेश भी यहां पहुंचे थे और पुलिस ने उन्हें भी हटा दिया।
