Snow Avalanche in Gulmarg: जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बर्फीला तूफान आया है। जानकारी के मुताबिक, तूफान ने यहां भारी तबाही मचाई है। कई विदेशी सैलानी इसमें फंस गए, जिनमें से एक की मौत भी हो गई। वहीं सात सैलानियों को बचा लिया गया है
गुलमर्ग में बर्फीला तूफान
डीडीएमए बारामूला ने बताया कि करीब दो बजे गुलमर्ग में हिमस्खलन दर्ज किया गया, जिसमें कई विदेशी सैलानी फंस गए। उन्होंने बताया कि एक सैलानी की हिमस्खलन की वजह से मौत हो गई, उसके शव को बरामद कर लिया गया है, वहीं एक घायल है। गुलमर्ग के वायरल हो रहे वीडियो में चारों तरफ बर्फ ही बर्फ दिख रही है, जिसमें लोग फंसे हुए हैं।
देखें वीडियो -
सेना ने संभाला मोर्चा
गुलमर्ग में भारी हिमस्खलन के बाद पुलिस, एनडीआरएफ के साथ सेना ने भी मोर्चा संभाल लिया है। फंसे सैलानियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अब तक दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि कई विदेशी सैलानी स्थानीय लोगों के स्की ढलानों पर गए थे और वे हिमस्खलन की चपेट में आ गए। बता दें, गुलमर्ग में जनवरी तक मौसम एकदम साफ था और बर्फ का नामों निशान नहीं था। हालांकि, फरवरी के आखिरी दिनों में यहां भारी बर्फबारी हो रही है, जिस कारण देश-विदेश से कई सैलानी गुलमर्ग पहुंचे हैं।
खेलो इंडिया के सभी एथलीट सुरक्षित
गुलमर्ग में आए हिमस्खलन के बीच खेलो इंउिया के सभी एथलीट सुरक्षित हैं। यह जानकारी जम्मू-कश्मीर स्पोर्टस काउंसिल के सचिव की ओर से दी गई है। उन्होंने कहा, सभी खिलाड़ी सुरक्षित हैं और सभी कार्यक्रम तय समय के अनुसार चल रहे हैं। बता दें, खेलो इंडिया शीतकालीन खेल जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में चल रहे हैं, जहां आज खिलनमर्ग क्षेत्र में हिमस्खलन हुआ है।
