महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्राधिकरण (एफडीए) ने पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या से जुड़े मामले की आरोपी सिया गोयल के परिवार को नोटिस जारी कर नियमों के कथित उल्लंघन के लिए मेवों और मसालों की अपनी दुकान का संचालन बंद करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
केतन हत्याकांड की आरोपी सिया के परिवार को दुकान बंद करने का नोटिस।
वहीं, सिया के पिता प्रवीण गोयल ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को बेवजह परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह केतन हत्याकांड की जांच में सहयोग कर रहे हैं। गोयल ने कहा कि अगर उनकी बेटी मामले में दोषी पाई जाती है, तो उसे मौत की सजा मिलनी चाहिए। सिया (20) पर अपने मंगेतर केतन (25) को प्रेमी चेतन चौधरी (22) के साथ मिलकर 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले की एक पहाड़ी से खाई में धकेलने का आरोप है, जिससे उनकी मौत हो गई।
एफडीए ने क्यों की कार्रवाई?
पुणे शहर के बीचों-बीच मार्केट यार्ड में स्थित मेवों और मसालों की जिस दुकान को नोटिस जारी किया गया है, उसका संचालन एम/एस बीजी गोयल एंड कंपनी करती है। इस कंपनी का मालिकाना हक सिया के परिवार के पास है।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि एफडीए के निरीक्षण में कंपनी के खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अनिवार्य प्रावधानों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आने के बाद दुकान का संचालन अगले आदेश तक बंद करने का निर्देश दिया गया है। एफडीए के मुताबिक, उसके अधिकारियों ने दुकान का निरीक्षण किया और 'संत' तथा 'साधु' ब्रांड के हल्दी पाउडर, तिल और सोयाबीन बड़ी सहित कई खाद्य पदार्थों के चार नमूने जांच के लिए एकत्र किए।
उसने बताया कि उत्पादों की लेबलिंग में कथित अनियमितता और मिलावट की आशंका के चलते इन उत्पादों का 4,172 किलोग्राम स्टॉक भी जब्त कर लिया गया, जिसकी कीमत लगभग 8.14 लाख रुपये है। एफडीए के अनुसार, यह दुकान अपने लाइसेंस के विवरण में जरूरी सुधार करने में भी नाकाम रही है। एक अधिकारी ने कहा, "नियमों के उल्लंघन को देखते हुए दुकान को अगले आदेश तक अपना संचालन रोकने का निर्देश देते हुए एक नोटिस जारी किया गया है।"
सिया के पिता ने क्या कहा?
वहीं, प्रवीण गोयल ने बताया कि मंगलवार को एफडीए अधिकारियों की एक टीम ने उनकी दुकान का दौरा किया और हल्दी पाउडर, सोया बड़ी व तिल के चार नमूने एकत्र किए। उन्होंने कहा, "ये उत्पाद जाने-माने ब्रांड के हैं और मेरे पास इनकी खरीद से जुड़े सभी बिल मौजूद हैं।" गोयल के मुताबिक, नमूने लेने के अलावा अधिकारियों ने उनकी दुकान के लाइसेंस में कुछ कमियों की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा, "अगले कुछ दिनों में उन कमियों को दूर कर लिया जाएगा। तब तक मुझसे संचालन रोकने के लिए कहा गया है और मैं अधिकारियों के निर्देशों का पालन कर रहा हूं।"
'अगर सिया दोषी है तो उसे फांसी दी जाए'
केतन हत्याकांड की जांच के बारे में पूछे जाने पर गोयल ने कहा, "अगर सिया दोषी है, तो उसे फांसी पर लटका दिया जाना चाहिए।" उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को बेवजह परेशान किया जा रहा है। गोयल ने कहा, "मैं जांच में पूरा सहयोग कर रहा हूं और कानून का पालन करता हूं। लेकिन लोगों को बेबुनियाद बातें फैलाना और हमें परेशान करना बंद कर देना चाहिए। मेरे परिवार को लगता है कि उन्हें बिना किसी वजह के परेशान किया जा रहा है।"
राजस्थान पहुंची पुलिस, गुपचुप शादी की जांच
इस बीच, अपराध शाखा की एक टीम ने केतन हत्याकांड की जांच के सिलसिले में राजस्थान का दौरा किया। यह कदम सिया और चेतन के बीच हुई बातचीत की जांच में यह संकेत मिलने के बाद उठाया गया कि दोनों पिछले साल दिसंबर में राजस्थान गए थे, जहां उन्होंने एक मंदिर में गुपचुप तरीके से शादी रचा ली थी। पुणे ग्रामीण पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, "पुलिस की एक टीम मंदिर गई और यह पता लगाने की कोशिश की कि क्या उनकी शादी की पुष्टि के लिए कोई सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है। हालांकि, उसे कुछ भी हासिल नहीं हुआ।"
