Digvijay Singh on Surgical Strike: पुलवामा आतंकी हमले और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर शहीद हवलदार नसीम अहमद की पत्नी ने जमकर हमला बोला और उन्हें इस मुद्दे पर सियासत न करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा है कि जिसने जान दी है, उनके परिवार को पता है। जो नेता लोग राजनीति कर रहे हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। क्योंकि जो देश के लिए शहीद हुआ है, उसका परिवार जानता है कि वह कैसे अपने जीवन को आगे बढ़ाना है। और उन्हें किस तरह की चुनौती का सामना करना पड़ा है।
दिग्विजय सिंह ने क्या कहा था
जम्मू-कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक जनसभा में दिग्विजय सिंह ने कहा था कि वे सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं। वे इतने लोगों को मारने का दावा करते हैं, लेकिन कुछ सबूत नहीं दिया जाता। वे झूठ का पुलिंदा चलाकर शासन कर रहे हैं। मामला तूल पकड़ते देख कांग्रेस ने उनके बयान को निजी बताते हुए किनारा कर लिया। वहीं मंगलवार को दिग्विजय के बयान पर जब मीडिया ने उनसे बात करना चाही तो जयराम रमेश ने दिग्विजय सिंह को धक्का देकर पीछे कर दिया और खुद माइक पर बोलने लगे।
