Congress On Agniveer Yojana: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह रक्षा बजट को सैनिकों के वेतन-भत्ते पर खर्च करने के बजाय एक बड़े व्यापारिक घराने के लाभ के लिए खर्च करने के मकसद से 'अग्निवीर' योजना लेकर आई है। गांधी ने यह आरोप पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया में अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान शुक्रवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए लगाया।
राहुल गांधी ने अग्निवीर योजना पर उठाया सवाल।
अग्निवीर योजना पर राहुल गांधी ने उठाया सवाल
मोहनिया के युवा बड़ी संख्या में सशस्त्र बलों में भर्ती होते हैं। मोहनिया अग्निवीर योजना के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन का गवाह रहा था। राहुल गांधी ने आरोप लगाया, 'एक अग्निवीर को एक नियमित सेना के जवान के बराबर वेतन और पेंशन नहीं मिलेगी और न ही उसे कैंटीन तक पहुंच मिलेगी। इससे भी गलत बात यह है कि उन्हें शहीद नहीं माना जाएगा, भले ही वह एक नियमित जवान के समान जुनून के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।'
सेना पर खर्च नहीं करना चाहते हैं मोदी, राहुल का आरोप
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'ऐसा इसलिए है क्योंकि मोदी सरकार रक्षा बजट को सैनिकों के वेतन और अन्य भत्तों पर खर्च नहीं करना चाहती है। यह राशि एक व्यावसायिक घराने के लाभ के लिए खर्च करना चाहती है।' गांधी ने यह भी आरोप लगाया, 'यदि आप मीडिया में कवरेज देखें, तो आपको किसानों और हमारे जैसे अन्य लोगों और विपक्षी नेताओं का बहुत कम उल्लेख किया जाता है। आप मोदी को अपने दोस्तों और अमिताभ बच्चन और ऐश्वर्या राय जैसी मशहूर हस्तियों के साथ मंच साझा करते हुए पाएंगे।'
उन्होंने हाल में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन छोड़कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हुए बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) अध्यक्ष नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा, 'कभी-कभी आप प्रधानमंत्री के बगल में नीतीश कुमार को भी पा सकते हैं।'
