Pahalgam Terror Attack: लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बीच अपनी अमेरिकी यात्रा बीच में ही रोक दी और भारत के लिए रवाना हो गए। पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)
कांग्रेस ने पहलगाम हमले को देखते हुए गुरुवार को कार्य समिति की आपात बैठक बुलाई है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी अमेरिका यात्रा बीच में ही छोड़ दी है और वे कल सुबह 10:30 बजे नई दिल्ली में होने वाली कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में व्यक्तिगत रूप से भाग लेंगे।
केंद्र सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
केंद्र सरकार पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर गुरुवार को सर्वदलीय बैठक आयोजित करेगी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि संभावना है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह इस मुद्दे पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बातचीत कर रहे हैं।
कांग्रेस समेत विभिन्न विपक्षी दलों ने मांग की थी कि सरकार को इस मुद्दे पर सभी दलों की एक बैठक बुलानी चाहिए। संभावना है कि सिंह इस नृशंस आतंकी हमले पर विभिन्न दलों के नेताओं को पूरी जानकारी देंगे। पर्यटकों को निशाना बनाकर किये गये इस हमले में कम से कम 26 लोगों की जान गई।
राहुल-खरगे ने शाह से की फोन पर बात
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने आतंकवादी हमले के बाद हालात की जानकारी लेने के लिए गृह मंत्री अमित शाह और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से फोन पर बातचीत की।
