Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा अब नागालैंड पहुंच गई है। 14 जनवरी को मणिपुर में शुरू हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा सोमवार शाम को नागालैंड पहुंच गई। यहां राहुल गांधी और उनके साथ यात्रा कर रहे लोग रात्रि विश्राम करेंगे।
नागालैंड में राहुल गांधी का स्वागत करते हुए लोग
ये भी पढ़ें- 'भारत जोड़ो' से कितनी अलग है राहुल गांधी की 'न्याय यात्रा'? क्यों पड़ी जरूरत और कांग्रेस को क्या होगा लाभ, यहां जानिए
नागालैंड के खुजामा गांव पहुंचे राहुल गांधी
राहुल गांधी अपनी पार्टी के सहयोगियों के साथ मणिपुर की सीमा से लगे कोहिमा जिले के खुजामा गांव पहुंचे। राहुल गांधी और उनकी टीम का खुजामा में लोगों ने स्वागत किया। वह रात्रि विश्राम गांव में ही करेंगे। अन्य जिलों में जाने से पहले वह हाई स्कूल जंक्शन में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मंगलवार को राहुल गांधी विश्वेमा गांव से नगालैंड में अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे और कोहिमा पहुंचने पर वह द्वितीय विश्व युद्ध के कब्रिस्तान में पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
नागालैंड में राहुल गांधी का कार्यक्रम
कांग्रेस की नगालैंड इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष ख्रीदी थेनुओ ने बताया कि अपने प्रवास के दौरान राहुल गांधी नगा होहो सहित नगा आदिवासी संगठनों, नागरिक संस्थाओं और चर्च निकायों के साथ उनके मुद्दों और समस्याओं पर बंद कमरे में बैठकें करेंगे। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी नीत यात्रा 18 जनवरी को असम में प्रवेश करेगी और इससे पहले नगालैंड के पांच जिलों कोहिमा, त्सेमिन्यु, वोखा, जुन्हेबोटो और मोकोकचुंग से गुजरेगी।
100 लोकसभा सीटों को करेगी कवर
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 15 राज्यों के 100 लोकसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इस दौरान कुल 6,713 किलोमीटर की दूरी बस और पैदल तय की जाएगी और इसका समापन 20 या 21 मार्च को मुंबई में होगा।
