Rahul Gandhi And Priyanka : शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे मुद्दे पर अब कांग्रेस मोदी सरकार पर हमलावर हो गई है। अपना विरोध प्रदर्शन तेज करते हुए कांग्रेस के नेताओं ने आज पीएम आवास के बाहर धरना प्रदर्शन किया जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया था। खुद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गए थे। यहां तमाम कांग्रेस नेताओं ने प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए पीएम मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने खुद को सांकेतिक हथकड़ी भी लगाई। हंगामा और भीड़ बढ़ती देख पुलिस ने राहुल-प्रियंका समेत सभी नेताओं को डिटेन कर लिया था।
पीएम आवास के बाहर धरने पर राहुल-प्रियंका
राहुल-प्रियंका और अन्य सांसदों को छोड़ा गया
हिरासत में लिए गए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लेने के करीब 2 घंटे बाद छोड़ दिया गया। प्रियंका को मंदिर मार्ग थाने में रखा गया था, जबकि राहुल गांधी सहित कई सांसदों को छत्रसाल स्टेडियम में रखा गया था। दोनों को पुलिस ने छोड़ दिया जिसके बाद वे यहां से रवाना हो गए। प्रियंका से मिलने उनकी मां सोनिया गांधी भी मंदिर मार्ग थाने पहुंची थीं।
राहुल गांधी को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया था। उनके अलावा कई अन्य सांसदों-नेताओं को भी यही हिरासत में रखा गया था।
'प्रधानमंत्री इस्तीफा दो' के लगे नारे
इससे पहले प्रधानमंत्री के आवास 7 लोक कल्याण मार्ग के निकट धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं ने यहां 'प्रधानमंत्री इस्तीफा दो', 'गुंडागर्दी नहीं चलेगी' और 'छात्रों को न्याय दो' के नारे लगाए। इस धरने में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, रणदीप सुरजेवाला, पवन खेड़ा और कई अन्य सांसद शामिल हैं। धरना शुरू होने के कुछ देर बाद ही पुलिस ने लोकसभा सदस्य चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, शशिकांत सेंथिल और कई अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस नेताओं ने धरने के दौरान हाथों में हथकड़ियां पहनकर पुलिस द्वारा छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का सांकेतिक रूप से विरोध किया।
दिग्गज कांग्रेस नेता धरने पर बैठे, अखिलेश भी पहुंचे
कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा और अन्य सहित कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए लोक कल्याण मार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया। कुछ देर बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी धरनास्थल पहुंच गए।
जितेंद्र सिंह राहुल से मिलकर बैरंग लौटे
हालांकि, पुलिस ने इन नेताओं को यहां से हटाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से मुलाकात की और उनसे प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन समाप्त करने का आग्रह किया। हालांकि खबर लिखे जाने तक सहमति नहीं बन पाई थी।
छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर पीएम मोदी से माफी मांगने की मांग
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने की मांग की है और इस कृत्य को गैर-भारतीय बताया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पत्रकारों से बात करते हुए बेहद आक्रोशित दिखे और उन्होंने इस मामले पर प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, जो हो रहा है, लोगों की पिटाई हो रही है, वह पूरी तरह से गैर-भारतीय है। मोदी ने कल जो हुआ उसके लिए माफी तक नहीं मांगी है।
राहुल गांधी और कुछ अन्य विपक्षी सांसदों ने दिन में पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की और संसद में इस घटना पर चर्चा करने का आग्रह किया। इस पर उन्होंने दावा किया कि बिरला ने तुरंत सहमति देने से इनकार कर दिया और बताया कि उन्हें पहले केंद्र सरकार से अनुमति लेनी होगी। कांग्रेस नेता ने पत्रकारों से कहा, जरा सोचिए, अध्यक्ष हमें बता रहे हैं कि संसद में बहस करने के लिए उन्हें सरकार से अनुमति लेनी होगी। वह खुलेआम यह कह रहे हैं।
छात्रों द्वारा उठाए जा रहे भारतीय शिक्षा और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ये चिंताएं सिर्फ शिक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे कहीं अधिक गंभीर हैं। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा प्रणाली लगभग खत्म हो चुकी है और दीमकों ने इसे खोखला कर दिया है, साथ ही उन्होंने इस मांग को जायज बताया। उन्होंने कहा, इसमें कुछ भी गलत नहीं है... प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं? इसका क्या कारण है? उन्हें छात्रों से माफी मांगनी चाहिए और यह सब बकवास बंद करनी चाहिए।
गृह मंत्री का मांगा इस्तीफा
राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि छात्रों को प्रधान ने नहीं पीटा है, बल्कि इसके लिए गृह मंत्री जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा, ’’धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना ही चाहिए, लेकिन प्रधान ने छात्रों को नहीं पीटा है। गृह मंत्री ने पीटा है, उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।’’
RML पहुंचे राहुल गांधी
राहुल गांधी इसके बाद आरएमएल पहुंचे। जहां वो उस घायल छात्रा से मिले, जो कल के संसद मार्च में घायल हो गई थी। छात्रा पुलिस के लाठीचार्ज के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गई है और इस समय आईसीयू में भर्ती है।
