BRICS Summit: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS summit) के लिए पीएम मोदी 22-23 अक्टूबर को रूस यात्रा पर जाएंगे। अपनी यात्रा के दौरान वह कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर 22-23 अक्टूबर 2024 को रूस का दौरा करेंगे। रूस की अध्यक्षता में कजान में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन होगा।
पीएम मोदी का रूस दौरा
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि शिखर सम्मेलन का विषय "न्यायसंगत वैश्विक विकास और सुरक्षा के लिए बहुपक्षवाद को मजबूत करना" है। यह सम्मेलन नेताओं को प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी रूस के कजान में ब्रिक्स सदस्य देशों के अपने समकक्षों और आमंत्रित नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने की भी उम्मीद है।
मंत्रालय ने कहा कि शिखर सम्मेलन ब्रिक्स द्वारा शुरू की गई पहलों की प्रगति का आकलन करने और भविष्य में सहयोग के लिए संभावित क्षेत्रों की पहचान करने का एक मूल्यवान अवसर प्रदान करेगा।
BRIC के तौर पर गठन
BRIC (ब्राजील, रूस, भारत और चीन) देशों के नेता पहली बार 2006 में रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में मिले थे। उच्च स्तरीय बैठकों की एक श्रृंखला के बाद पहला BRIC शिखर सम्मेलन 2009 में रूस के येकातेरिनबर्ग में आयोजित किया गया था। सितंबर 2010 में न्यूयॉर्क में BRIC विदेश मंत्रियों की बैठक में दक्षिण अफ्रीका को पूर्ण सदस्य के रूप में स्वीकार किए जाने के बाद BRIC समूह का नाम बदलकर BRICS (ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका) कर दिया गया।
