Police Commemoration Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने पुलिस स्मृति दिवस पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, पुलिस स्मृति दिवस हमारे पुलिसकर्मियों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जो अक्सर सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी असाधारण समर्पण के साथ सेवा करते हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने से लेकर अपराध से लड़ने, आपात स्थितियों में सहायता करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तक, उनका योगदान अमूल्य है। हम उन बहादुर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका साहस, अटूट समर्पण और सर्वोच्च बलिदान हमारे राष्ट्र की स्मृति में सदा के लिए अंकित रहेगा।
पीएम मोदी ने दी पुलिस स्मृति दिवस पर बधाई
वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, पुलिस स्मृति दिवस पर, देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले हमारे पुलिसकर्मियों को मेरा सलाम। हमारे पुलिसकर्मियों ने मातृभूमि की गरिमा की रक्षा और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर देशभक्ति की सर्वोच्च मिसाल कायम की है। मैं राष्ट्र की ओर से उन्हें हार्दिक धन्यवाद देता हूं।
अमित शाह ने दी मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में राजधानी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक से राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 'नशीली दवाओं के खिलाफ लड़ाई' विषय पर आयोजित इस बाइक रैली में नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 90 सवारों के साथ-साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और केंद्रीय पुलिस संगठनों (सीपीओ) के जवान भी शामिल हैं।
नक्सलवाद के खत्म होने की नीव है 3600 जवानों का बलिदान
अमित शाह ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को नमन किया। स्मारक पर अब तक 36,852 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी जा चुकी है। इस साल सूची में 154 और वीर कर्मियों के नाम जुड़े हैं।
इस मौके पर अमित शाह ने कहा, देश नक्सलवाद से पीड़ित था, हमने मुक्ति प्राप्त की। जो जवान शहीद हुए उन्हें श्रद्धांजलि। 13 हजार से ज्यादा नागरिक मारे गए और नक्सलवाद के खत्म होने की नीव है 3600 जवानों का बलिदान। इस समय देश चुनावी हिंसा से मुक्त है। 31 दिसंबर 2029 तक देश को ड्रग्स की समस्या से मुक्ति दिलाएंगे, ये हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण लक्ष्य है। ड्रग्स हमारी आने वाली पीढ़ी को खोखला करती है। हमारे अर्थतंत्र पर बेजा बोझ डालती है। देशविरोधियों को आर्थिक समर्थन मिलता है।
पुलिस की सेवा सबसे कठिन सेवाओं में से एक
अमित शाह ने कहा, देश में पुलिस की सेवा सबसे कठिन सेवाओं में से एक है। होली, दीपावली, ईद और रक्षाबंधन जैसे त्योहारों पर भी पुलिसकर्मी ड्यूटी करते हैं और आंतरिक सुरक्षा, ट्रैफिक तथा लोगों की सलामती सुनिश्चित करते हैं। पुलिसकर्मी अपने जीवन के स्वर्णिम वर्ष परिवार से दूर रहकर राष्ट्र को समर्पित करते हैं। पुलिसकर्मियों के धैर्य, संयम, अनुशासन, वीरता और समर्पण की सराहना करता हूं।
उन्होंने कहा, 31 दिसंबर 2029 तक देश को ड्रग्स की समस्या से मुक्ति दिलाएंगे। ये हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण लक्ष्य है। ड्रग्स हमारी आने वाली पीढ़ी को खोखला करती है, हमारे अर्थतंत्र पर बेजा बोझ डालती है, देशविरोधियों को आर्थिक समर्थन मिलता है।
