IAF Fighter Jet Crashed: राजस्थान के चुरू में विमान हादसा हो गया है। जानकारी के अनुसार, रतनगढ़ में भारतीय वायु सेना का एक फाइटर प्लेन क्रैश हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय वायु सेना का एक जगुआर लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। रक्षा सूत्रों ने बताया कि भारतीय वायु सेना के जगुआर लड़ाकू विमान का एक दो सीटों वाला प्रशिक्षक विमान आज राजस्थान के चूरू जिले के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
राजस्थान के चुरू में विमान हादसा
विमान ने सूरतगढ़ एयरबेस से दो पायलटों के साथ उड़ान भरी थी। रक्षा सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों को दुर्घटनास्थल पर भेज दिया गया है। इस बीच, IAF ने अपने X पोस्ट में कहा कि भारतीय वायुसेना का एक जगुआर प्रशिक्षक विमान आज राजस्थान के चुरू के पास एक नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में दोनों पायलटों की मौत हो गई। किसी भी नागरिक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। भारतीय वायुसेना इस दुखद घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करती है और इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की गई है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर साढ़े 12 बजे के आसपास विमान को आसमान में अपना नियंत्रण खोते देखा गया था जिसके बाद विमान भानुदा गांव के खेत में गिरा। विमान के गिरते ही तेज धमाका हुआ, जिससे खेत में आग लग गई। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई है।
बीते अप्रैल में भी हुआ था जगुआर दुर्घटनाग्रस्त
इसी तरह की एक घटना तीन महीने पहले अप्रैल में हुई थी, जब भारतीय वायु सेना (IAF) का दो सीटों वाला जगुआर विमान जामनगर एयरफील्ड से उड़ान भरने के तुरंत बाद रात्रि मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। भारतीय वायुसेना के अनुसार, पायलटों को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा था और हवाई क्षेत्र तथा आसपास के आबादी वाले क्षेत्रों को नुकसान से बचाने के लिए उन्हें विमान से बाहर निकलना पड़ा। भारतीय वायुसेना के एक पायलट सिद्धार्थ यादव की विमान से बाहर निकलने के दौरान लगी चोटों के कारण दुखद मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा पायलट भी इस घटना में घायल हो गया। इससे पहले, 7 मार्च को हरियाणा के अंबाला के पास एक जगुआर लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था , जिसमें पायलट सुरक्षित बच गया था।
