Jana Nayagan Leak: तमिलनाडु के थंजावुर में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) ने अभिनेता और टीवीके प्रमुख विजय (Vijay) की फिल्म जन नायगन (Jana Nayagan) के ऑनलाइन लीक होने पर गंभीर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस मामले को गंभीर बताते हुए तुरंत एफआईआर दर्ज करने और पूरी जांच शुरू करने की मांग की। पीयूष गोयल ने कहा कि यह घटना सामान्य नहीं लगती और इसमें कुछ गड़बड़ जरूर है। मंत्री ने आगे कहा कि जिन लोगों ने पहले फिल्म की रिलीज में देरी को लेकर आलोचना की थी, वही लोग इस लीक के पीछे हो सकते हैं। उन्होंने हिंदी की एक कहावत का जिक्र करते हुए कहा, “दाल में कुछ काला है।”
विजय की फिल्म लीक, मंत्री ने उठाए गंभीर सवाल (Photo: ANI)
जांच में ना हो देरी-पीयूष गोयल
उनका मानना है कि अगर सही तरीके से जांच की गई तो सच्चाई जरूर सामने आएगी। पीयूष गोयल ने यह भी कहा कि आम तौर पर फिल्म की कॉपी सिर्फ निर्माता के पास होती है। ऐसे में यह बड़ा सवाल है कि फिल्म बाहर कैसे पहुंची और ऑनलाइन लीक कैसे हो गई। उन्होंने पूछा कि जब भारत में हर साल हजारों फिल्में रिलीज होती हैं तो आखिर यही एक फिल्म क्यों लीक हुई। पीयूष गोयल ने जोर देकर कहा कि इस मामले में देरी नहीं होनी चाहिए और तुरंत एफआईआर दर्ज कर दोषियों को पकड़ा जाना चाहिए। उनके अनुसार, इस तरह की घटनाएं फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा नुकसान पहुंचाती हैं।
दोषियों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई-केंद्रीय मंत्री
एक फिल्म बनाने में पूरी टीम की मेहनत और समय लगता है, लेकिन लीक होने से उस मेहनत पर पानी फिर जाता है। गोयल ने यह भी संकेत दिया कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि विजय अब सिर्फ अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक राजनीतिक दल के प्रमुख भी हैं। कुल मिलाकर अगर कहें तो फिल्म ‘जन नायगन’ के लीक होने की घटना ने फिल्म जगत और राजनीति दोनों में हलचल मचा दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच में क्या सामने आता है और जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होती है।
