कौन सी पार्टी परिसीमन बिल के सपोर्ट में और कौन खिलाफ? इन पार्टियों ने अपने सांसदों को जारी किया व्हिप

Parliament Special Session 2026: विशेष सत्र से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपने-अपने सांसदों को थ्री-लाइन व्हिप जारी कर दिया है। व्हिप संसदीय दल का आधिकारिक निर्देश होता है। इससे पार्टी अपने सांसदों को बताती है कि किसी विधेयक पर किस तरह वोट करना है। व्हिप तोड़ने पर पार्टी सांसद के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।

Parliament Special Session 2026: संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर 2026 से शुरू होकर 3 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान केंद्र सरकार तीन बड़े विधेयक पेश करने जा रही है। इनमें संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) विधेयक 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक 2026 और संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक 2026 शामिल हैं। विशेष सत्र से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपने-अपने सांसदों को थ्री-लाइन व्हिप जारी कर दिया है। इससे साफ हो गया है कि कौन सी पार्टी परिसीमन बिल के सपोर्ट में है और कौन खिलाफ है।

Whip AI

पार्टियों ने अपने सांसदों को जारी किया व्हिप (फोटो साभार- AI)

जदयू ने सरकार के पक्ष में जारी किया व्हिप

सबसे पहले जनता दल (यूनाइटेड) ने व्हिप जारी किया। जदयू संसदीय दल के मुख्य सचेतक सुनील कुमार की ओर से 27 नवंबर 2026 को जारी परिपत्र में सभी लोकसभा सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चारों दिन पूरे समय सदन में मौजूद रहने को कहा गया है। व्हिप में साफ निर्देश है कि सभी सदस्य सदन में सरकार के पक्ष का समर्थन करें। यानी जदयू परिसीमन बिल समेत तीनों विधेयकों के समर्थन में वोट करेगी।

सपा ने तीनों बिलों के खिलाफ जारी किया व्हिप

समाजवादी पार्टी ने इसके बिल्कुल उल्टा रुख अपनाया है। सपा संसदीय दल के मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव ने 28 नवंबर को व्हिप जारी किया। इसमें सभी लोकसभा सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक सदन में पूरे समय मौजूद रहने और तीनों विधेयकों के खिलाफ वोट करने का निर्देश दिया गया है। यानी सपा परिसीमन बिल का विरोध करेगी।

शिवसेना(UBT) ने रणनीति के लिए बैठक पर जारी किया व्हिप

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी थ्री-लाइन व्हिप जारी किया है, लेकिन उसका अंदाज अलग है। चीफ व्हिप अनिल देसाई ने 28 नवंबर को व्हिप जारी कर सभी सांसदों को रविवार 29 नवंबर को शाम 4 बजे दिल्ली में संसदीय दल की बैठक में बुलाया है। बैठक पार्लियामेंट हाउस के कमरा नंबर 128-A में होगी। इस बैठक में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक 2026 पर विचार-विमर्श होगा। पार्टी ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर सदस्य की उपस्थिति अनिवार्य है। बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहने पर दसवीं अनुसूची के तहत कार्रवाई भी हो सकती है।

क्या होता है व्हिप?

बता दें कि व्हिप संसदीय दल का आधिकारिक निर्देश होता है। इससे पार्टी अपने सांसदों को बताती है कि किसी विधेयक पर किस तरह वोट करना है। व्हिप तोड़ने पर पार्टी सांसद के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।

End Article
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखत...

End of Feed