Army Chief On Operation Sindoor: सेनाध्यक्ष (COAS) जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने एक बार फिर आतंकवाद के खिलाफ भारत के सख्त रुख का हवाला देते हुए कहा है कि भारत हर तरह का जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। आतंकवादियों और उनके प्रायोजकों के साथ एक साथ बर्ताव किया जाएगा। सेनाध्यक्ष (COAS) जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने चाणक्य डिफेंस डायलॉग में ऑपरेशन सिंदूर सहित कई मुददों पर बात की। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को पाकिस्तान के लिए एक ट्रेलर बताया।
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की खरी-खरी (ANI)
बातचीत और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते
आतंकवाद के मुद्दे पर जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा, जब कोई देश राज्य प्रायोजित आतंकवाद को बढ़ावा देता है, तो यह भारत के लिए चिंता का विषय बन जाता है। भारत प्रगति की बात करता है। अगर कोई हमारे रास्ते में बाधा डालता है, तो हमें उनके खिलाफ कुछ कार्रवाई करनी ही होगी। जब हम न्यू नॉर्मल के बारे में बात करते हैं, तो हमने कहा है कि बातचीत और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते। हम बस एक शांतिपूर्ण प्रक्रिया अपनाने के लिए कह रहे हैं, जिसमें हम सहयोग करेंगे। तब तक, हम आतंकवादियों और उनके प्रायोजकों के साथ एक जैसा व्यवहार करेंगे। हम उन लोगों को जवाब देंगे जो आतंकवादियों को प्रोत्साहित करते हैं। आज, भारत इतना कुशल है कि वह किसी भी ब्लैकमेल के प्रयासों से नहीं डरता।
ऑपरेशन सिंदूर तो बस एक ट्रेलर था
थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर तो बस एक ट्रेलर था जो 88 घंटों में खत्म हो गया। हम भविष्य में किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार हैं। अगर पाकिस्तान मौका देता है, तो हम उसे पड़ोसी देश के साथ जिम्मेदारी से पेश आना सिखाएंगे।
हमारे पास राजनीतिक इच्छाशक्ति
उन्होंने कहा, आज के समय में लड़ाई कई क्षेत्रों में होती है। हम नहीं कह सकते कि यह कब तक चलेगी। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारे पास लंबे समय तक चलने वाली रसद उपलब्ध रहे। साथ ही कहा कि हमारे पास राजनीतिक इच्छाशक्ति है जो हमारी प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करती है। आज के समय में, हमारी प्रतिरोधक क्षमता बहुत मजबूत है।
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद कम हुआ
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के मुद्दे पर जनरल द्विवेदी ने कहा कि 5 अगस्त 2019 के बाद जम्मू-कश्मीर के हालात में बहुत बड़ा बदलाव आया है। इसके बाद, राजनीतिक स्पष्टता आई है। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद में भारी गिरावट आई है।
