Bihar Politics: बिहार की राजनीति में एक नए नेता की एंट्री होने जा रही है। जनता दल (यूनाइटेड) के नेता एवं राज्य मंत्री श्रवण कुमार ने मंगलवार को बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत की राजनीतिक पारी की शुरुआत किस तरह से होगी, इसे अंतिम रूप दे दिया गया है। पार्टी की तरफ से राजनीति में निशांत की एंट्री के बारे में औपचारिक घोषणा जल्द की जाएगी।
बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बेटे हैं निशांत।
'निशांत जी अब सक्रिय रूप से राजनीति में हिस्सा लेंगे'
जद-यू नेता अशोक चौधरी ने कहा कि 'राजनीति में निशांत कुमार के प्रवेश पर औपचारिक घोषणा कर दी गई है। इस बारे में श्रवण जी एवं हमारे राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अध्यक्ष ने बयान दिया है, ये बयान समाचार पत्रों में प्रकाशित हुए हैं। मेरा मानना है कि जनता दल (यूनाइटेड) के लिए यह एक सकारात्मक कदम है। श्रवण जी के बयान के बाद ऐसा लगता है कि निशांत जी अब सक्रिय रूप से राजनीति में हिस्सा लेंगे। निशांत जी एक शिक्षित युवा नेता हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। जद-यू के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की लंबे समय से इच्छा रही है कि वह पार्टी में शामिल हों। मेरा मानना है कि निशांत जी के बारे में घोषणा होली का एक बड़ा उपहार है। इससे जनता दल (यूनाइटेड) परिवार में खुशी एवं जश्न का माहौल है।'
लंबे समय से हो रही निशांत के राजनीति में आने की मांग
निशांत के राजनीति में आने की चर्चा लंबे समय से चलती आ रही है। पटना में इसके पोस्टर भी लगाए जा चुके हैं लेकिन हर बार बात यहीं आकर अटक जाती है कि अंतिम फैसला नीतीश कुमार को लेना है। जद-यू नेताओं के बयानों से लगता है कि नीतीश कुमार ने भी अपने बेटे को पार्टी में अहम जिम्मेदारी देने का मन बना लिया है।
वह नीतीश कुमार की फोटो कॉपी हैं-अशोक चौधरी
अशोक चौधरी ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि 'निशांत कुमार पढ़े-लिखे हैं। इंजीनियरिंग की है। पूरी पार्टी चाहती है कि निशांत राजनीति में आएं। मैं समझता हूं कि ये होली पर बड़ी घोषणा है। उनका उज्ज्वल भविष्य होगा। वे नीतीश कुमार की फोटो कॉपी हैं। नेता तय करेंगे कि वो किस रोल में आते हैं। नीतीश कुमार एक मार्च को 75 साल के हो गए। इस मौके पर जद-यू नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके जन्मदिन का केट काटा और उन्हें शुभकामनाएं दीं। हालांकि, नीतीश ने जन्मदिन के अपने कार्यक्रम से खुद को दूर रखा। नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने पटना के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।
शीर्ष नेतृत्व तय करेगा कि राज्यसभा में कौन जाएगा-नीरज कुमार
जेडीयू नेता नीरज कुमार ने कहा, 'पार्टी कार्यकर्ताओं की अपेक्षा है कि ऐसे व्यक्ति को राजनीति में आना चाहिए। ऐसे लोगों को निश्चित रूप से राजनीति में प्रवेश करना चाहिए। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा कि राज्यसभा में कौन जाएगा। लेकिन क्या कोई उनकी योग्यता पर सवाल उठा सकता है? क्या उन पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप है? अगर ऐसा कुछ नहीं है, तो ऐसे लोगों को सार्वजनिक जीवन में जरूर आना चाहिए। अगर आप तेजस्वी यादव और निशांत की तुलना करें, तो तेजस्वी यादव पर चार राज्यों में मामले दर्ज हैं। निशांत कुमार शिक्षा के मामले में उनसे काफी आगे हैं। इसलिए दोनों की कोई तुलना नहीं है। अब बिहार के युवा इंतजार कर रहे हैं कि निशांत कब सक्रिय राजनीति में प्रवेश करेंगे।'
