Arvind Kejriwal: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार को लेकर गांधी परिवार पर हमला बोला है। दिल्ली में एक कार्यक्रम में केजरीवाल ने कहा कि तथ्यों के अनुसार, नेशनल हेराल्ड एक ओपन एंड शट केस लगता है। हमें बिल्कुल फर्जी मामलों में जेल भेजा गया, लेकिन गांधी परिवार का कोई भी व्यक्ति जेल नहीं गया।
केजरीवाल का बीजेपी-कांग्रेस पर निशाना (ANI)
कहा, कम्प्रोमाइज की राजनीति नहीं चलती है
केजरीवाल ने कहा, कम्प्रोमाइज की राजनीति चलती नहीं है। आपको लगे कि पीठ पीछे बंद कमरे में कोई कम्प्रोमाइज हो जाएगा, और जनता को पता नहीं चलेगा, ऐसा होता नहीं है। जनता को सब पता चलता है, जनता बेवकूफ नहीं है। चारों तरफ चर्चा रहती है, कोई कहता है मायावती जी ने कम्प्रोमाइज कर रखा है, कोई कहता है ओवैसी ने कम्प्रोमाइज कर रखा है। लोग कहने लगे हैं कि कांग्रेस ने कम्प्रोमाइज कर रखा है।
कांग्रेस ने सबसे ज्यादा कम्प्रोमाइज किया
केजरीवाल ने आगे कहा, कांग्रेस ने सबसे ज्यादा समझौता किया है...गोवा में लोग कह रहे हैं कि बीजेपी ने आप के पांच सबसे बड़े नेताओं को जेल भेज दिया, लेकिन कांग्रेस का एक भी नेता जेल क्यों नहीं गया? ये इतना शोर मचा रहे हैं कि नेशनल हेराल्ड हो गया, मुझे नहीं पता कि क्या है नेशनल हेराल्ड, मैंने इंटरनेट पर जाकर पढ़ा, जो उसके फैक्ट हैं उससे तो लगता है कि ओपन और शट केस है। हमें बिल्कुल फर्जी केस बनाकर जेल भेज दिया। लेकिन गांधी परिवार से कोई जेल नहीं गया।
हम लोग देश के लिए आए हैं
हरियाणा में जितने लैंड स्कैम हुए हैं, उनमें रॉबर्ट वाड्रा का नाम आता था, कितना शोर था दामाद जी, दामाद जी, 2014 का चुनाव ये दामाद जी, जीजाजी के नाम पर जीते थे। 2जी केस बंद हो गया, कोयला घोटाला बंद हो गया, कुछ तो है, जनता सब समझती है। लोग चर्चा कर रहे हैं कि भाजपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन है। हम लोग गठबंधन करने नहीं आए थे। हम लोग देश के लिए आए हैं और देश के लिए लड़ते रहेंगे। कभी कम्प्रोमाइज की राजनीति मत करना, देश की राजनीति करना।
