Gwalior Gola: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में उस समय हलचल मच गई, जब सूचना मिली की एक रहस्यमयी गोला आसमान से गिरा है। जिस खेत में यह गोला गिरा है, वहां एक गड्ढा भी हो गया है। गोला गिरने की खबर के बाद आसपास के लोग खौफ में हैं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और फिर उसने वैज्ञानिकों तक सूचना पहुंचाई, जिसके बाद वैज्ञानिक इस रहस्मयी गोले की जांच में जुटे हैं।
जोरा गांव में गिरा गोला
मिली जानकारी के अनुसार ग्वालियर जिले के जोरा गांव में यह गोला गिरा है। इसका वजन 50 किलो से ज्यादा बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने दावा किया कि गेंद जैसी वस्तु आकाश से जमीन पर गिरी, जिसके कारण खेत में 2 फीट गहरा गड्ढा हो गया।
हो गया गड्ढा
जैसे ही गोला गिरने की खबर ग्रामीणों के बीच फैली, स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने खेत में एक बड़ी गोलाकार वस्तु पड़ी देखी। जिस स्थान पर वस्तु गिरी वह स्थान गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया था
जांच में जुटी है टीम
इस अजीब घटना को देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। वस्तु और उसके परिणामस्वरूप बने गड्ढे को देखकर, स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी रमाकांत उपाध्याय पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। स्थानीय अधिकारियों के शुरुआती प्रयासों के बावजूद, वस्तु की प्रकृति अज्ञात बनी हुई है। जांच जारी है, विशेषज्ञ और अधिकारी इस दिलचस्प घटना के पीछे की सच्चाई का खुलासा करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
