Maratha Reservation: मराठा आरक्षण पर आंदोलन कर रहे मनोज जरांगे बोले- 'फडणवीस मेरी हत्या कराने का कर रहे प्रयास, उनके आवास तक करूंगा मार्च'

Maratha Reservation: मराठा आरक्षण के कार्यकर्ता मनोज जरांगे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर उनकी हत्या कराने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि वह मुंबई तक मार्च करेंगे और भाजपा नेता के आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे।

Maratha Reservation: मराठा समुदाय को आरक्षण के लिए आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मनोज जरांगे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर उनकी हत्या कराने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि वह मुंबई तक मार्च करेंगे और भाजपा नेता के आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे। जरांगे ने जालना जिले के अंतरवाली सराटी में एक घंटे से अधिक के अपने भाषण के अंत में यह घोषणा की। उन्होंने फडणवीस पर कई आरोप भी लगाए। बाद में, जरांगे के बयान के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, उन्होंने क्या कहा है, मैंने नहीं सुना है। जरांगे ने कहा कि कुछ लोगों को प्रलोभन दिया जा रहा और मेरे खिलाफ झूठे आरोप लगाने के लिए उन पर दबाव डाला जा रहा। इन साजिशों के पीछे फडणवीस का हाथ है। मैं इसी वक्त सागर बंगला (मुंबई के मालाबार हिल में फडणवीस का आधिकारिक आवास) तक मार्च करने के लिए तैयार हूं। उनकी इस घोषणा से सभा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जहां जरांगे के समर्थक बड़ी संख्या में एकत्र हुए थे। यहां तक कि उनमें से कुछ ने माइक्रोफोन छीनने की कोशिश की।

Manoj Jarange

फडणवीस मेरी हत्या कराने का कर रहे प्रयास- जरांगे

फडणवीस को पसंद नहीं कि कोई उनसे ज्यादा लोकप्रिय हो- जरांगे

जरांगे ने कहा कि वह अकेले मुंबई मार्च करेंगे और उन्हें सभी लोगों से केवल समर्थन की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र विधानसभा में 20 फरवरी को मराठा कोटा विधेयक पारित हो जाने के बाद उनके खिलाफ आरोप लगाये गए। उन्होंने कहा, ‘इन लोगों को मेरी तथाकथित गलतियों का अब जाकर कैसे एहसास हुआ और उनके बारे में बोलना शुरू किया है।’ जरांगे ने ‘फडणवीस की ‘ब्राह्मणवादी चालों’ के बारे में भी बात की और यह भी कहा कि उनके आरोप ‘सभी ब्राह्मणों’ के खिलाफ नहीं हैं।’ उन्होंने एक क्षेत्रीय समाचार चैनल से कहा, ‘फडणवीस को यह पसंद नहीं कि कोई उनसे ज्यादा लोकप्रिय हो। फडणवीस के कारण ही मराठा आरक्षण समर्थकों के शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के बावजूद उनके खिलाफ पुलिस शिकायतें दर्ज की गईं। अदालत ने हमें शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन करने की इजाजत दी है। फिर पुलिस में शिकायत क्यों दर्ज की गई।’

End of Feed