Manipur CM N Biren Singh Resign: मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा बुलाए गए फ्लोर टेस्ट से पहले एन बीरेन सिंह ने इस्तीफा दे दिया। मणिपुर विधानसभा का सत्र कल से शुरू होगा। आज ही एन. बीरेन सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की थी।
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने दिया राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा।
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने दिया इस्तीफा
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने रविवार को राजभवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को अपना इस्तीफा सौंप दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सिंह के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनपीएफ के 14 विधायक भी थे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ए शारदा और भाजपा के वरिष्ठ नेता संबित पात्रा भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे।
मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने अपने पत्र में क्या लिखा?
राज्यपाल से मुलाकात के बाद सिंह मुख्यमंत्री सचिवालय गए। एन बीरेन सिंह ने राज्यपाल को लिखे अपने पत्र में कहा, 'अब तक मणिपुर के लोगों की सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। मैं प्रत्येक मणिपुरी के हितों की रक्षा के लिए समय पर की गई कार्रवाई, हस्तक्षेप, विकास कार्यों और विभिन्न परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए केंद्र सरकार का बहुत आभारी हूं।' यह घटनाक्रम उनके दिल्ली से लौटने के कुछ ही घंटों बाद हुआ है।
एन बीरेन सिंह ने 10 फरवरी से शुरू हो रहे विधानसभा के आगामी सत्र के सिलसिले में मुख्यमंत्री सचिवालय में भाजपा नीत सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों के साथ शनिवार को बैठक की थी। यह बैठक विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा सिंह के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग के मद्देनजर आयोजित की गई थी।
