LIVE

उत्तराखंड टनल हादसा: सिलक्यारा टनल में फंसे सभी मजदूरों सुरक्षित, पहुंचा भोजन और पानी; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

उत्तराखंड टनल हादसा: सिलक्यारा टनल में फंसे सभी मजदूरों सुरक्षित, पहुंचा भोजन और पानी; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
उत्तराखंड टनल हादसा: सिलक्यारा टनल में फंसे सभी मजदूरों सुरक्षित, पहुंचा भोजन और पानी; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Silkyara Tunnel Rescue Operation: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सिलक्यारा टनल में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है। मलबा हटाने के लिए हैवी एक्सकैवेटर मशीनों को जुटाया गया है। वॉकी-टॉकी के जरिए टनल में फंसे मजदूरों से संपर्क हुआ है। फिलहाल सभी मजदूर सुरक्षित बताए जा रहे हैं। टनल में पानी की आपूर्ति के लिए बिछी पाइपलाइन के जरिए ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। इसी पाइपलाइन के जरिए रात में चना-चबैना के पैकेट कंप्रेसर के जरिए दबाव बनाकर टनल में फंसे मजदूरों तक भेजे गए हैं। पुलिस बल, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है। इस खबर से जुड़ी हर बड़ी जानकारी देखें सबसे पहले यहां।

NOV 13, 2023 16:32 IST

एसडीआरएफ कमांडेंट मणिकांत मिश्रा ने लिया जायजा

एसडीआरएफ कमांडेंट मणिकांत मिश्रा ने सिल्कयारा सुरंग में चल रहे राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने रेस्क्यू कर्मियों को जरूरी निर्देश दिए और सुंरग के अंदर फंसे लोगों को जल्द से जल्द निकालने पर जोर दिया।
NOV 13, 2023 15:08 IST

सिल्कयारा सुरंग में चल रहे राहत और बचाव कार्यों से जुड़ा अपडेट

NOV 13, 2023 13:44 IST

सीएम धामी ने टनल में फंसे मजदूरों के परिजनों को दिया भरोसा

उत्तरकाशी सुरंग हादसे पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आपदा परिचालन केंद्र में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा, 'उत्तरकाशी-यमनोत्री मार्ग पर स्थित सिल्क्यारा सुरंग के अंदर 40 लोग फंसे हुए हैं। लोगों को भोजन और पानी के साथ ऑक्सीजन लगातार मुहैया कराई जा रही है।' उन्होंने आगे बताया कि 'सभी लोग अंदर हैं... उनसे संपर्क स्थापित हो गया है। वे सभी सुरक्षित हैं और मैं फंसे हुए लोगों के परिवार के सभी सदस्यों को आश्वासन देता हूं कि उन्हें जल्द ही सुरंग से बाहर निकाल लिया जाएगा। टीमें मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य कर रही हैं, काम चल रहा है।'
NOV 13, 2023 11:55 IST

घटना स्थल पर पहुंचकर क्या बोले उत्तराखंड के सिए पुष्कर धामी?

NOV 13, 2023 11:36 IST

घटना स्थल पर पहुंचे सीएम धामी ने लिया बचाव कार्य का जायजा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उत्तरकाशी-यमनोत्री मार्ग पर स्थित सिल्कयारा सुरंग के अंदर फंसे 40 लोगों को बचाने के अभियान के बारे में जानकारी दी गई। उत्तरकाशी-यमनोत्री मार्ग पर सिल्क्यारा टनल में ऑपरेशन रेस्क्यू ऑपरेशन पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी कहते हैं, "पीएम ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अन्य एजेंसियां और विशेषज्ञ फंसे हुए 40 लोगों को बचाने के लिए काम कर रहे हैं। हम आश्वस्त करना चाहते हैं फंसे हुए लोगों के परिवारों को राज्य सरकार और प्रशासन बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।"
NOV 13, 2023 11:02 IST

'स्थिति अब बेहतर है, मजदूर सुरक्षित हैं'

उत्तराखंड के उत्तरकाशी सुरंग हादसे पर एनएचआईडीसीएल (नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड) के निदेशक अंशू मनीष खलको ने बताया कि 'स्थिति अब बेहतर है, मजदूर सुरक्षित हैं। हम भोजन और पानी मुहैया करा रहे हैं। अंदर लगभग 40 लोग हैं, हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं।'
NOV 13, 2023 11:01 IST

उत्तरकाशी के डीएम अभिषेक रोहिला ने बताया ताजा अपडेट

उत्तराखंड के उत्तरकाशी सुरंग हादसे पर उत्तरकाशी के डीएम अभिषेक रोहिला ने बताया कि 'हमें यहां एक दुर्घटना के बारे में जानकारी मिली... प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य और एसडीआरएफ और एनडीआरएफ जैसी प्रतिक्रिया बलों की टीमें यहां पहुंचीं और बचाव अभियान के लिए कार्य शुरू किया। हम अंदर फंसे लोगों को जल्द से जल्द बचाने की कोशिश कर रहे हैं।'
NOV 13, 2023 10:58 IST

घटना स्थल के लिए रवाना हुए मुख्यमंत्री पुष्कर धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर पोस्ट कर ये बताया कि 'उत्तरकाशी के सिलक्यारा के पास निर्माणाधीन सुरंग में हुए भू-धंसाव की घटना के स्थलीय निरीक्षण व राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा हेतु घटना स्थल के लिए निकल रहा हूं। टनल में फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए मलबा हटाने का कार्य निरंतर जारी है, वॉकी-टॉकी के माध्यम से टनल में फंसे श्रमिकों से संपर्क हुआ है। सभी के सुरक्षित होने की सूचना मिली है, उन्हें शीघ्र सकुशल बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।'
NOV 13, 2023 10:55 IST

टनल में फंसे मजदूरों तक पहुंचाया गया भोजन-पानी

सिलक्यारा-डंडालगांव सुरंग के एक हिस्से के ढहने से उसके अंदर पिछले 24 घंटे से ज्यादा समय से फंसे 40 श्रमिकों तक पहुंच बनाने के लिए बचावकर्मी रातभर मलबा हटाने के काम में जुटे रहे और आखिरकार उन्हें उनसे संपर्क स्थापित करने में सफलता मिल गयी। ब्रह्मखाल-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सुरंग में फंसे इन श्रमिकों तक अब भोजन-पानी पहुंचाया जा रहा है। सिलक्यारा में बनाए गए पुलिस नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, वॉकी-टॉकी के जरिए सुरंग में फंसे लोगों से संपर्क हुआ और सभी श्रमिक सुरक्षित हैं। नियंत्रण कक्ष के अनुसार, अंदर फंसे लोगों द्वारा खाने की मांग की गई है और उन्हें पाइप के जरिए भोजन के पैकेट भेजे जा रहे हैं। श्रमिक फिलहाल 35 मीटर की दूरी पर हैं।
NOV 13, 2023 10:54 IST

टनल में किन-किन राज्यों के 40 मजदूर फंसे?

उत्तरकाशी जिले में ब्रह्मखाल-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा रविवार सुबह अचानक ढह गया था जिससे उसमें 40 श्रमिक फंस गए थे। सुरंग का ढहने वाला हिस्सा सुरंग के मुहाने से करीब 200 मीटर दूर है। सुरंग का निर्माण कर रही नवयुग इंजीनियरिंग लिमिटेड के अनुसार सुरंग में फंसे मजदूर बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के हैं। हर मौसम के अनुकूल चार धाम सड़क परियोजना के तहत बन रही इस साढ़े चार किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उत्तरकाशी से यमुनोत्री धाम तक का सफर 26 किलोमीटर कम हो जाएगा।
NOV 13, 2023 10:54 IST

पाइपलाइन से भेजी गई थी कागज पर संदेश लिखी पर्ची

सुरंग में पानी के लिए बिछाई गई पाइपलाइन के जरिए ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। इसी पाइपलाइन के जरिए कंप्रेसर की मदद से दबाव बनाकर श्रमिकों तक भोजन के पैकेट भेजे जा रहे हैं। यह पाइपलाइन राहत और बचाव अभियान में काफी मददगार साबित हो रही है। इसी पाइपलाइन के जरिए मजदूरों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है। सुरंग में फंसे मजदूरों तक संदेश भेजने के लिए पहले कागज पर संदेश लिखी पर्ची पाइपलाइन के जरिए भेजी गई थी। अब दुर्घटनास्थल पर पाइप के जरिये संदेशों का आदान-प्रदान हो रहा है।
NOV 13, 2023 10:54 IST

पीएम मोदी ने सीएम धामी से फोन कर जाना था हाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को फोन करके उनसे घटना के संबंध में जानकारी ली तथा हर संभव मदद का आश्वासन दिया था। सीएम धामी ने कहा था कि हिमाचल प्रदेश के लेप्चा से लौटते ही प्रधानमंत्री ने उन्हें फोन कर सुरंग में फंसे श्रमिकों की स्थिति तथा राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। धामी ने बताया था कि घटना की जानकारी मिलने के बाद से वह लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं। धामी ने कहा कि ईश्वर से कामना है कि जल्द ही सभी लोग सकुशल बाहर आ जाएं।
NOV 13, 2023 10:45 IST

तेजी से हटाया जा रहा मलबा, जानें अब तक का अपडेट

उत्तरकाशी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने कहा कि निर्माणाधीन सुरंग में फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए खुदाई करने वाली बड़ी मशीनों की मदद से पानी युक्त मलबा हटाने का कार्य निरंतर जारी है । पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा प्रतिवादन बल, अग्निशमन, आपातकालीन 108 व सुरंग का निर्माण करा रही संस्था राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल), सीमा सड़क संगठन और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के कर्मचारी मलबा हटाने और सुरंग खोलने के काम में जुटे हुए हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार 24 घंटे चलाया जा रहा है। रविवार रात की पाली में काम की निगरानी कर रहे जल संस्थान के प्रभारी अधिशासी अभियंता दिवाकर डंगवाल ने तड़के सुरंग से बाहर आने पर बताया कि मलबा तेजी से हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फंसे मजदूरों तक संपर्क स्थापित करने और उन तक भोजन और ऑक्सीजन की आपूर्ति करने की कवायद रात में कई बार की गई।
NOV 13, 2023 10:25 IST

सीएम पुष्कर धामी आज करेंगे राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा

उत्तराखंड के सीएमओ ने ये जानकारी दी है कि सिल्कयारा टनल में चल रहे बचाव और राहत कार्यों का जायजा लेने के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी आज सुबह 11.15 बजे उत्तरकाशी में सिल्कयारा के पास एक सुरंग से भूस्खलन की घटना का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे।
NOV 13, 2023 10:18 IST

एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडेंट ने बताया अंदर का हाल

उत्तराखंड के उत्तरकाशी टनल हादसे पर एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडेंट करमवीर सिंह भंडारी का कहना है, 'सुरंग के अंदर फंसे सभी 40 लोग सुरक्षित हैं, हमने उन्हें पानी और खाना मुहैया कराया है, बचाव कार्य जारी है। मलबा गीला होने के कारण हमें थोड़ी दिक्कत हो रही है, लेकिन हमारी टीम कोई कसर नहीं छोड़ रही है और बचाव कार्य जारी है।'
NOV 13, 2023 09:56 IST

सिल्क्यारा सुरंग में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी

NOV 13, 2023 09:56 IST

फंसे 40 मजदूरों को उपलब्ध कराया ऑक्सीजन और पानी

उत्तराखंड में उत्तरकाशी सुरंग हादसे पर उत्तरकाशी के सर्किल ऑफिसर प्रशांत कुमार का कहना है, "सुरंग के अंदर 40 लोग फंसे हुए हैं। सभी सुरक्षित हैं, हमने उन्हें ऑक्सीजन और पानी उपलब्ध कराया है..." उन्होंने बताया कि "वर्तमान स्थिति यह है कि कल हमने सुरंग के अंदर फंसे लोगों के साथ संचार स्थापित किया। हम सुरंग के अंदर लगभग 15 मीटर तक चले गए हैं, और लगभग 35 मीटर अभी भी तय करना बाकी है। हर कोई सुरक्षित है, हमने ऑक्सीजन और पानी उपलब्ध कराया है हम सुरंग के अंदर जाने के लिए बग़ल में अपना रास्ता बना रहे हैं। संचार स्थापित करने के बाद, लगभग 40 लोग अंदर फंसे हुए हैं..."
NOV 13, 2023 09:48 IST

मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी

सुरंग में मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है। वायरलेस से टनल के अंदर फंसे मजदूरों से संपर्क हुआ है। सभी के सुरक्षित होने की जानकारी मिल रही है। ऑक्सीजन की लगातार आपूर्ति की जा रही है। इस सुरंग के अंदर फंसे 40 श्रमिकों को बचाने के लिए रविवार सुबह से मल्टी-एजेंसी ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उत्तरकाशी जिले में ब्रह्मखाल-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक निर्माणाधीन सुरंग कल सुबह लगभग 5 बजे आंशिक रूप से ढह गया, जिससे 40 मजदूर अंदर फंस गए। बचाव अभियान राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा राहत बल (एसडीआरएफ) और पुलिस द्वारा चलाया जा रहा है।
NOV 13, 2023 09:48 IST

सभी 40 मजदूर सुरक्षित

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी 40 मजदूर सुरक्षित हैं और उन्हें पाइप के जरिए ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि सुरंग का ढहा हुआ हिस्सा प्रवेश द्वार से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित है और सुरंग को खोलने के लिए अब तक लगभग 20 मीटर स्लैब को हटाया जा चुका है। बचाव टीम भारी मशीनों का उपयोग करके मलबा हटा रही है।
NOV 13, 2023 09:29 IST

सभी मजदूर सुरक्षित

उत्तरकाशी में सिलक्यारा टनल में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है। मलबा हटाने के लिए हैवी एक्सकैवेटर मशीनों को जुटाया गया है। वॉकी-टॉकी के जरिए टनल में फंसे मजदूरों से संपर्क हुआ है। फिलहाल सभी मजदूर सुरक्षित बताए जा रहे हैं । टनल में पानी की आपूर्ति के लिए बिछी पाइपलाइन के जरिए ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है । इसी पाइपलाइन के जरिए रात में चना-चबैना के पैकेट कंप्रेसर के जरिए दबाव बनाकर टनल में फंसे मजदूरों तक भेजे गए हैं।