Khalistani Terrorist Gurpatwant Singh Pannun: खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में उसने 19 नवंबर को एयर इंडिया में सफर करने वालों को धमकी दी है। प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस के नेता पन्नू ने कहा है कि 19 नवंबर को वह एयर इंडिया की फ्लाइट पर हमला करेगा, जिसमें लोगों की जान का खतरा रहेगा। इसके साथ ही उसने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलने की भी धमकी दी है।
खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह
पन्नू ने वीडियो जारी कर कहा है कि यह वही दिन होगा, जिस दिन क्रिकेट विश्व कप का फाइनल मैच होगा। अपने वीडियो में उसने सिखों से अपील की है कि वे उस दिन एयर इंडिया की फ्लाइट में सफर न करें।
19 नवंबर को होगी वैश्विक नाकाबंदी
सोशल मीडिया पर पन्नू की ओर से अपलोड किए गए वीडियो में कहा गया है कि 19 नवंबर को एक वैश्विक नाकाबंदी होगी। इसलिए सिख इस दिन एयर इंडिया की फ्लाइट से ट्रैवेल न करें। बता दें, इससे पहले पन्नू ने 10 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजराइल-फिलिस्तीन युद्ध से भी सीखने की धमकी दी थी।
मोस्ट वांटेड आतंकी है पन्नू
सिख फॉर जस्टिस का मुखिया गुरपतवंत सिंह पन्नू भारत में मोस्ट वांटेड आतंकी है। उसके खिलाफ देशभर में 16 मामले दर्ज हैं। साथ ही पन्नू पर यूएपीए के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पन्नू की यह धमकी पहली बार नहीं आई है, इससे पहले वह कनाडा में बसे हिंदुओं को भी धमकाता रहा है। वह फिलहाल अमेरिका में है और वहां वकालत कर रहा है। भारत ने जुलाई, 2020 में पन्नू को आतंकी घोषित किया था।
