Times Now Summit 2024: टाइम्स नाउ समिट-इंडिया अनस्टॉपेबल (India Unstoppable) कार्यक्रम में फिल्म अभिनेत्री और मंडी से बीजेपी प्रत्याशी कंगना रनौत मौजूद रहीं। उन्होंने टाइम्स नेटवर्क की ग्रुप एडिटर और टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ कई मुद्दों पर बातचीत की। इस दौरान कंगना ने परिवारवाद पर भी अपने विचार रखे और कांग्रेस पार्टी व राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।
कंगना रनौत
कंगना रनौत ने परिवारवाद के मुद्दे पर कहा, कुछ लोग बाहर से पढ़कर भारत की राजनीति में आते हैं और फिर बहकी-बहकी बातें करने लगते हैं। उन्होंने कहा, राहुल गांधी फिल्म इंडस्ट्री के राजा बेटा की तरह हैं। कांग्रेस पार्टी इसी में लगी रहती है कि कहीं राहुल बाबा नाराज न हो जाएं। उन्होंने कहा, पार्टी की ओर से उन्हें एक चिट दिया जाता है पढ़ने के लिए और वो पढ़ देते हैं।
'वो सॉफ्टवेयर अब डाउनलोड नहीं हो सकता'
कंगना ने कहा, राहुल गांधी के कोई भी वाक्य पूरे नहीं होते हैं। वह कुछ बात करते हैं कहीं और निकल जाते हैं। किसानों की बात करते-करते चांद पर निकल जाते हैं। उन्होंने कहा, हर किसी का सॉफ्टवेयर ऊपर से डाउनलोड होकर आता है। अब उनका सॉफ्टवेयर डाउनलोड नहीं हो सकता। भगवान ने उन्हें ऐसा बनाकर भेजा है। कंगना ने चुटीले अंदाज में कहा, उनको किस-किस लेवर पर अपग्रेड किया जाएगा।
'कांग्रेस पार्टी से मुझे घृणा'
कंगना रनौत ने कहा, कांग्रेस पार्टी में भाई-भतीजावाद और परिवार काफी ज्यादा है। मैं फिल्म इंडस्ट्री में इसी चीज का शिकार हुई हूं और मैंने इसके खिलाफ खुलकर बोला था। उन्होंने कहा, जिस चीज से मेरा शोषण हो जाता था, प्रताड़ित किया जा रहा था। पार्टी में वही सब चीजें हैं, मुझे इस पार्टी से बहुत ज्यादा घृणा है।
