Kathua Encounter: जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के बीच प्रदेश के कठुआ जिले के मांडली इलाके आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल बशीर अहमद की जान चली गई। मिली जानकारी के मुताबिक एक एएसआई और डिप्टी एसपी ओपीएस को भी गोली लगी। जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आनंद जैन और वरिष्ठ अधिकारी अभियान की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंचे हैं। अधिकारियों ने बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे उस समय गोलीबारी शुरू हुई जब सुरक्षाबलों ने एक घर में आतंकियों के एक समूह की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद गांव में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि जैसे ही सुरक्षा बल लक्षित घर के पास पहुंचे, छिपे हुए आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल बशीर अहमद हुए शहीद
निगरानी के लिए ड्रोन समेत आधुनिक उपकरण तैनात
अधिकारियों ने बताया कि आसपास के सुरक्षा शिविरों से अतिरिक्त बल बुलाए जाने के साथ ही इलाके की कड़ी घेराबंदी कर दी गई है। शुरुआती गोलीबारी के बाद कुछ देर के लिए शांति रही और शाम ढलने के बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी तेज हो गई तथा छिपे हुए आतंकी अंधेरे का फायदा उठाकर घेराबंदी तोड़ने की कोशिश करने लगे। कड़ी निगरानी के लिए ड्रोन समेत आधुनिक उपकरण तैनात किए गए हैं।
