जलगांव ट्रेन हादसा: मृतकों की संख्या 13 पहुंची, 8 शवों की हुई पहचान, रेलवे ने किया मुआवजे का ऐलान

बुधवार को महाराष्ट्र के जलगांव जिले में कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आने से 12 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। मामले में आगे की जांच चल रही है।

Jalgaon train accident: जलगांव ट्रेन हादसे में एक और शख्स की मौत हुई है जिससे मृतकों की संख्या 13 पहुंच गई है। मृतकों में से 6 लोगों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। जलगांव ट्रेन दुर्घटना स्थल में पटरियों के किनारे एक क्षत विक्षत शव बरामद होने के साथ ही इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। पुलिस ने बताया कि शव का सिर्फ धड़ बरामद हुआ है। मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में चेन खींचने की घटना के बाद ट्रेन से उतरे कुछ यात्री बुधवार शाम महाराष्ट्र के जलगांव जिले में पास की पटरी से गुजर रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आ गए थे। विशेष पुलिस महानिरीक्षक दत्तात्रेय कराले ने बताया कि हमने अब तक 13 में से आठ शवों की पहचान कर ली है, जिनमें से दो की पहचान उनके आधार कार्ड से हुई है। सेंट्रल सर्किल के रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) इस दुर्घटना के कारणों की जांच करेंगे।

Jalgaon train

जलगांव ट्रेन हादसा

रेल मंत्रालय ने किया मुआवजे का ऐलान

उधर, रेल मंत्रालय ने जलगांव ट्रेन दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए 1.5 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। रेल मंत्री कार्यालय ने कहा, जलगांव ट्रेन दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को 50,000 रुपये और मामूली रूप से घायल हुए लोगों को 5,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। महाराष्ट्र के जलगांव जिले में कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आने से 12 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए।

ट्रेन दुर्घटना में 13 लोगों की मौत

एएनआई से बात करते हुए, जलगांव के एसपी महेश्वर रेड्डी ने कहा, जलगांव ट्रेन दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई है। 10 लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए जलगांव के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे द्वारा रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद हम आगे की कार्रवाई करेंगे। जलगांव के जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) आयुष प्रसाद ने एएनआई को बताया, हमें दुर्घटना की जानकारी मिली जिसके बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया और घटनास्थल पर एम्बुलेंस और अन्य मदद भेजी। अस्पतालों को सक्रिय कर दिया गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

End of Feed