ISRO Planetary Mixer: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने शुक्रवार को कहा कि उसने ठोस मोटरों के लिए 10 टन का प्रणोदक मिक्सर विकसित कर लिया है। इसरो ने एक बयान में कहा कि ठोस प्रणोदन भारतीय अंतरिक्ष परिवहन प्रणालियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और वर्टिकल मिक्सर ठोस मोटर उत्पादन में महत्वपूर्ण उपकरणों में से एक है।
प्रणोदक मिक्सर (फोटो साभार: ISRO)
क्या कुछ है खास?
बयान में कहा गया है कि ठोस प्रणोदक रॉकेट मोटर्स की रीढ़ हैं और उनके उत्पादन के लिए अत्यधिक संवेदनशील और खतरनाक अवयवों के सटीक मिश्रण की आवश्यकता होती है।
अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि ठोस मोटर खंडों के उत्पादन के स्तर को बढ़ाने की दिशा में, श्रीहरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र ने केंद्रीय विनिर्माण प्रौद्योगिकी संस्थान (CMTI) बेंगलुरु के सहयोग से ठोस प्रणोदकों के प्रसंस्करण के लिए 10 टन के 'वर्टिकल प्लैनेटरी मिक्सर' को सफलतापूर्वक डिजाइन और विकसित किया है।
150 टन भारी है वर्टिकल मिक्सर
इसरो ने इसे एक महत्वपूर्ण तकनीकी चमत्कार बताया है। उसने कहा कि 10 टन का 'वर्टिकल मिक्सर' दुनिया का सबसे बड़ा ठोस प्रणोदक मिश्रण उपकरण है। इसरो ने कहा कि इस 'वर्टिकल मिक्सर' का वजन लगभग 150 टन है, लंबाई 5.4 मीटर, चौड़ाई 3.3 मीटर और ऊंचाई 8.7 मीटर है।
