Basavaraj Rayareddi: कर्नाटक सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री बसवराज रायरेड्डी के एक बयान ने राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। कोप्पल जिले के कुकनूर में मुस्लिम समुदाय के एक सामूहिक विवाह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रायरेड्डी ने कहा कि इस्लाम अन्य धर्मों की तुलना में एक महान धर्म है। इसके साथ ही उन्होंने मक्का जाने की अपनी इच्छा भी जाहिर की।
इस्लाम पर मंत्री बसवराज रायरेड्डी के बयान को लेकर बीजेपी भड़की
मंत्री बसवराज रायरेड्डी ने इस्लाम को वैज्ञानिक और मानवीय धर्म बताया। रायरेड्डी ने कहा कि उन्होंने कुरान और अन्य धर्मों का अध्ययन किया है। उनके अनुसार, इस्लाम एक अत्यधिक अनुशासित, वैज्ञानिक और मानवीयता से भरा धर्म है। समाज में इस धर्म को लेकर कई गलतफहमियां फैलाई गई हैं।
मक्का जाने की इच्छा जताई
मंत्री ने कहा, मेरी बहुत इच्छा है कि मैं मक्का जाऊं, लेकिन गैर-मुस्लिम होने के कारण मैं वहां नहीं जा सकता। इसके लिए इस्लाम अपनाना पड़ता है, जो उस धर्म की अपनी परंपरा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल मस्जिद जाने या नाममात्र के लिए धर्म का पालन करने के बजाय कुरान की अच्छी सीख को अपने जीवन में उतारें और कट्टरता या जातिवाद से दूर रहें।
बीजेपी का तीखा हमला
मंत्री के इस बयान के बाद कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता और बीजेपी के वरिष्ठ नेता आर. अशोक ने कांग्रेस सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने मंत्री के इस्तीफे और माफी की मांग की। आर. अशोक ने कहा कि रायरेड्डी ने अप्रत्यक्ष रूप से सनातन हिंदू धर्म को नीचा दिखाने का काम किया है। उन्होंने मांग की कि मंत्री तुरंत अपने बयान को वापस लें और राज्य के सभी हिंदुओं से माफी मांगें।
कैबिनेट से बर्खास्त करने की चुनौती
बीजेपी नेता ने कहा कि यदि रायरेड्डी माफी नहीं मांगते हैं, तो उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और मुख्यमंत्री को अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए उन्हें तुरंत कैबिनेट से बर्खास्त करना चाहिए। बीजेपी ने कांग्रेस सरकार पर एंटी-हिंदू (हिंदू विरोधी) मानसिकता रखने और केवल वोट बैंक के लिए हिंदू धर्म का दिखावा करने का आरोप लगाया।
कहा- कांग्रेस सरकार की हिंदू-विरोधी मानसिकता
उन्होंने पूछा, मुख्यमंत्री शिवकुमार, क्या आपकी कांग्रेस सरकार की हिंदू-विरोधी मानसिकता की कोई सीमा नहीं है? आप मंदिरों में जाकर कैमरों के सामने भक्ति का प्रदर्शन करते हैं, लेकिन जब आपके अपने मंत्रिमंडल के मंत्री सनातन हिंदू धर्म और मंदिरों के बारे में अपमानजनक बयान देते हैं, तो आप चुप क्यों रहते हैं? अशोक ने आगे कहा, यह कहकर कि इस्लाम अन्य धर्मों से श्रेष्ठ है, उन्होंने सनातन धर्म को हीन रूप में चित्रित किया है।
सब कुछ सिर्फ वोटों और दिखावे के लिए है
यह सवाल उठाते हुए कि क्या कांग्रेस पार्टी का सभी धर्मों के लिए समान सम्मान का विचार यही है, अशोक ने पूछा, क्या यही आपका सभी समुदायों के लिए शांति का बगीचा बनाने का सपना है? या फिर आपका सारा नाटक और ढोंग सिर्फ हिंदू वोट हासिल करने के लिए पहना जाने वाला एक और मुखौटा है? उन्होंने कहा कि अगर रायरेड्डी माफी नहीं मांगते या उन्हें मंत्री पद से नहीं हटाया जाता, तो कर्नाटक के करोड़ों हिंदू एक ही निष्कर्ष पर पहुंचेंगे। आपके (मुख्यमंत्री) मंदिर भ्रमण भक्ति भाव से नहीं होते। आपके शब्द हिंदू धर्म के प्रति सम्मान से नहीं निकलते। सब कुछ सिर्फ वोटों और दिखावे के लिए है। उन्होंने कांग्रेस पर हिंदू विरोधी होने का भी आरोप लगाया।
