INLD Chief Nafe Singh Shot Dead: हरियाणा के बहादुरगढ़ में इंडियन नेशनल लोकदल (INLD ) के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। हथियारों से लैस हमलावरों ने नफे सिंह की गाड़ी पर ताबड़तोड़ गई राउंड गोलियां बरसाई। इस जानलेवा हमले में पूर्व विधायक नफे सिंह राठी के 3 सुरक्षार्मी भी गम्भीर रूप से घायल हो गए। ये पूरी घटना बहादुरगढ़ के बराही फाटक के पास की है। सभी घायलों को इलाज के लिए ब्रह्म शक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती करया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस वारदात को अंजाम देने के लिए हमलावर आई-10 गाड़ी में सवार होकर आए थे। बदमाशों ने मौका मिलते ही नफे सिंह की गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी थी।
INLD प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंंह की गोली मार कर हत्या
INLD प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह केगले और कमर में लगी गोलियां
पुलिस के मुताबिक इस गोलीबारी में गाड़ी की अगली सीट पर बैठे नफे सिंह राठी और उनके तीनों गनमैन घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर अपनी कार में फरार हो गए। इनेलो के मीडिया सेल के इंचार्ज राकेश सिहाग ने नफे सिंह राठी की मौत की पुष्टि कर दी है। नफे सिंह राठी के कमर एवं गले में गोलियां लगी थी। हमले के समय नफे सिंह राठी अपनी फॉर्च्यूनर कार में सवार थे। झज्जर के एसपी अर्पित जैन ने कहा कि इस मामले में क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को लगा दिया गया है। इस वारदात के पीछे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके करीबी काला जठेड़ी पर शक जताया जा रहा है। शुरूआती जांच में हत्या के पीछे प्रॉपर्टी का विवाद बताया जा रहा है।
नफे सिंह राठी के सुरक्षाकर्मी जयकिशन की भी हुई मौत
बहादुरगढ़ के संजीवनी अस्पताल के सर्जन डॉक्टर मनीष ने पुष्टि की है कि नफे सिंह राठी और उनके साथ गाड़ी में मौजूद एक अन्य व्यक्ति की मौत हो चुकी है। जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल है जिन्हें आईसीयू में दाखिल करके उनका इलाज किया जा रहा है। डॉक्टर के मुताबिक नफे सिंह राठी को जब लाया गया तब उन्हें काफी गोलियां लगी थी और काफी खून बह जाने की वजह से उन्हें बचाया नहीं जा सका।
जानकारी के लिए बता दें, नफे सिंह राठी हरियाणा विधानसभा में 2 बार विधायक रह चुके हैं और हरियाणा की पूर्व विधायक एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। नफे सिंह राठी एक बार रोहतक सीट से लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। इसके अलावा नफे सिंह राठी 2 बार बहादुरगढ़ नगर परिषद के चेयरमैन भी रह चुके हैं और कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे हैं।
पूर्व सीएम हुड्डा ने जताया दुख
हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नफे सिंह राठी पर हमले की निंदा की है। उन्होंने सोशल साइट्स एक्स पर ट्वीट कर कहा कि हरियाणा में INLD प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोली मार कर हत्या करने का समाचार बेहद दुःखद है। यह प्रदेश की कानून व्यवस्था को दर्शाता है। इस घटना ने स्पष्ट कर दिया कि कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। प्रदेश में आज कोई भी अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है।
दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि व परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि परिवारजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। हमले में घायल हुए सुरक्षाकर्मियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
