Rahul Gandhi in Nashik: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के पदाधिकारियों के साथ बुधवार को नासिक में मुलाकात की और उनसे पार्टी की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े रहने की अपील की। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी (फोटो साभार: @INCMaharashtra)
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज सुबह नासिक पहुंचे थे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि गांधी ने पार्टी की राज्य इकाई के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की। कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य आरिफ नसीम खान ने 'पीटीआई वीडियो' से बातचीत में बताया कि महाराष्ट्र कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पिछले आठ-दस दिन से प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।
राहुल ने जिला अध्यक्षों से की मुलाकात
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए, जिसका समापन बुधवार को हुआ। खान ने कहा, ''राहुल जी ने सभी नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों और उनके परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने संदेश दिया कि कांग्रेस की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े रहें और लोगों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करें।''
राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन
इससे पहले, दिन में नासिक की महापौर हिमगौरी आहेर-अडके, भाजपा की अन्य महिला नेताओं और समर्थकों ने राहुल गांधी के दौरे के विरोध में मार्च निकाला। उन्होंने कांग्रेस पर संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के प्रतिनिधित्व का विरोध करने का आरोप लगाया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'सहिष्णुता ही हिंदुत्व की आत्मा', RSS प्रमुख की टिप्पणी के बाद फडणवीस बोले- हिंदुओं के खून में है सहनशीलता
भाजपा महिला मोर्चे की कई कार्यकर्ता काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन में शामिल हुईं और उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ 'वापस जाओ' के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर महिला सशक्तीकरण का विरोध करने का आरोप लगाया। भाजपा समर्थकों ने यह भी आरोप लगाया कि गांधी छात्रों के प्रदर्शनों का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी महिला आरक्षण विधेयक का सम्मान करें।
